स्थानांतरण पर एसपी कैंप कार्यालय में आयोजित हुआ विदाई समारोह, कार्यकाल की सराहना कर उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएं
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद खीरी स्थानांतरण होने पर कादीपुर के निवर्तमान क्षेत्राधिकारी विनय कुमार गौतम को गुरुवार को पुलिस अधीक्षक के कैंप कार्यालय में भावभीनी विदाई दी गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने उन्हें सम्मानित कर उनके कार्यकाल की सराहना की।एसपी विनीत जायसवाल ने कहा कि विनय कुमार गौतम ने सुल्तानपुर में तैनाती के दौरान पूरी निष्ठा, लगन और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।
पुलिस विभाग के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा और सराहनीय कार्यशैली प्रशंसनीय रही। उन्होंने उनके योगदान की सराहना करते हुए नई तैनाती पर सफल कार्यकाल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।विदाई समारोह में अपर पुलिस अधीक्षक बृजनारायण सिंह समेत अन्य राजपत्रित पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने भी निवर्तमान सीओ के साथ बिताए गए कार्यकाल को याद किया और उन्हें शुभकामनाएं देते हुए भावभीनी विदाई दी।




