पूर्व सांसद प्रवीण निषाद ने की सराहना, बोले- वादा करके पीछे नहीं हटते डॉ. तिवारी
अधिवक्ता साधु सिंह ने पांचों विधानसभा में कहीं से भी टिकट देने की उठाई मांग, 2027 चुनाव को लेकर गरमाई सियासी चर्चा
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश
जनपद सुल्तानपुर के 190 विधानसभा के लम्भुआ तहसील स्थित बार एसोसिएशन परिसर में अधिवक्ताओं की सुविधाओं को बढ़ाने के लिए सेवार्थम फाउंडेशन के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. आशीष तिवारी ने बड़ी पहल की है। उनके निजी खर्च से बार परिसर में भव्य वातानुकूलित सभागार और सीढ़ी का निर्माण कराया जाएगा। विधि-विधान के साथ भूमि पूजन कर निर्माण कार्य की शुरुआत की गई। इस पहल को अधिवक्ता समाज के सम्मान और सामाजिक सरोकारों से जोड़कर देखा जा रहा है। वहीं, समारोह के दौरान आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर हुई राजनीतिक चर्चा ने कार्यक्रम को सियासी रंग भी दे दिया।

भूमि पूजन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में निषाद पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं निवर्तमान सांसद इंजीनियर प्रवीण निषाद और राष्ट्रीय निषाद एकता परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अमित निषाद मौजूद रहे। क्षेत्रीय विधायक सीताराम वर्मा, ब्लॉक प्रमुख श्रवण मिश्रा, जयसिंहपुर विधायक प्रतिनिधि गुड्डू उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में अधिवक्ता, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की।
अधिवक्ताओं ने डॉ. आशीष तिवारी की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों और सामाजिक रूप से सक्षम लोगों के पास विभिन्न प्रकार की निधियां और संसाधन उपलब्ध होने के बावजूद कई बार ऐसे जनहितकारी कार्यों के लिए आगे आने में संकोच किया जाता है। ऐसे में निजी संसाधनों से अधिवक्ता समुदाय के लिए सभागार बनवाने का निर्णय सराहनीय है। वक्ताओं ने कहा कि समाजसेवा का वास्तविक अर्थ जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर उनकी समस्याओं के समाधान में सहयोग करना है। डॉ. तिवारी सेवार्थम फाउंडेशन के माध्यम से असहाय, पीड़ित और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं।
वादा करते हैं तो पूरा भी करते हैं : प्रवीण निषाद
निवर्तमान सांसद इंजीनियर प्रवीण निषाद ने डॉ. आशीष तिवारी की कार्यशैली और उनके संकल्पों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि डॉ. तिवारी जो वादा करते हैं, उसे पूरा करके दिखाते हैं। धोपाप धाम में भगवान श्रीराम और निषादराज की प्रतिमा के भूमि पूजन से लेकर अनावरण तक कराए गए कार्य इसका उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहचान उसके संकल्प और उन्हें पूरा करने की क्षमता से होती है। डॉ. तिवारी ने अपने कार्यों से इसे साबित किया है। उनकी मेहनत और समर्पण निश्चित रूप से उन्हें आगे ले जाएगा।
पांचों विधानसभा में कहीं से भी टिकट देने की उठी मांग
कार्यक्रम के दौरान राजनीतिक सरगर्मी उस समय बढ़ गई, जब अधिवक्ता साधु सिंह ने खुले मंच से प्रवीण निषाद के सामने डॉ. आशीष तिवारी को आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में टिकट दिलाने की मांग रख दी। उन्होंने कहा कि जिले की पांचों विधानसभा सीटों में से किसी भी क्षेत्र से डॉ. तिवारी को चुनाव लड़ाया जाए, अधिवक्ता समुदाय उनका पूरा सहयोग करेगा। इस मांग के बाद समारोह में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। हालांकि, इसे लेकर किसी राजनीतिक दल की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बार परिसर में बनने वाला वातानुकूलित सभागार अधिवक्ताओं की बैठकों, सामूहिक कार्यक्रमों और अन्य गतिविधियों के लिए उपयोगी साबित होगा। सीढ़ी निर्माण से परिसर में आवागमन भी सुगम होगा। कुल मिलाकर यह आयोजन सामाजिक सहयोग, अधिवक्ता हितों और आगामी विधानसभा चुनाव की संभावित राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से चर्चा का केंद्र रहा।




