संविधान दिवस पर रमाबाई अंबेडकर मैदान में जुटेगी भीड़, पांच लाख लोगों को लाने का दावा
भाजपा के साथ सपा को भी घेरने की तैयारी, मुस्लिम-दलित समीकरण साधने के लिए हो सकती हैं बड़ी घोषणाएं
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरणों को नए सिरे से साधने की कवायद तेज हो गई है। इसी कड़ी में असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) 26 नवंबर को राजधानी लखनऊ में बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रही हैं। संविधान दिवस के अवसर पर रमाबाई अंबेडकर मैदान में प्रस्तावित इस रैली में दोनों दलों के प्रमुख नेता एक मंच पर नजर आएंगे।
इसे आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मुस्लिम और दलित मतदाताओं को एक साझा राजनीतिक मंच पर लाने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। मंगलवार को लखनऊ प्रेस क्लब में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान और आजाद समाज पार्टी के नेता हिमांशु वाल्मीकि ने रैली की घोषणा की।
आयोजकों ने इसमें पांच लाख लोगों की भीड़ जुटाने का दावा किया है। रैली को सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले आयोजित कर राजनीतिक ताकत दिखाने की तैयारी है। साथ ही किसी तीसरे राजनीतिक दल का समर्थन हासिल करने की संभावनाओं पर भी काम किया जा रहा है।
रैली के मंच से 2027 के विधानसभा चुनाव की रणनीति और गठबंधन की आगे की दिशा का खुलासा किए जाने की संभावना है। दोनों दलों की नजर मुस्लिम और दलित मतदाताओं के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने पर है।
इसके लिए इन वर्गों के हितों से जुड़ी बड़ी घोषणाएं करने का भी दावा किया गया है।खास बात यह है कि गठबंधन की रणनीति में भाजपा के साथ समाजवादी पार्टी को भी निशाने पर रखने की तैयारी है। सपा के मुस्लिम नेतृत्व और आजम खान जैसे प्रमुख चेहरों को लेकर भी सवाल उठाए जा सकते हैं। इसके जरिए दोनों दल मुस्लिम मतदाताओं के बीच सपा के प्रभाव को चुनौती देने की कोशिश करेंगे।
राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर भी रहेगी कि ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का साथ उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति में कितना असर डालता है। यदि यह गठबंधन तीसरे दल का समर्थन हासिल करने में सफल रहता है तो 2027 के चुनाव में नए समीकरण बन सकते हैं। फिलहाल 26 नवंबर की रैली को दोनों दल अपनी राजनीतिक ताकत, गठबंधन की संभावनाओं और आगामी चुनावी रणनीति के प्रदर्शन के बड़े अवसर के रूप में देख रहे हैं।




