एक ही घर में सप्ताहभर के भीतर दूसरा हादसा, विद्युत विभाग की लापरवाही पर उठे सवाल
छत पर धूप लेने पहुंचे 38 वर्षीय युवक को लगा करंट, गंभीर हालत में लखनऊ रेफर
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद सुल्तानपुर रामनगर विद्युत उपकेंद्र क्षेत्र के लाला का पुरवा पलहीपुर में 33 केवी की हाईटेंशन विद्युत लाइन लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रही है। शनिवार को छत पर धूप लेने पहुंचे 38 वर्षीय सोशल शर्मा हाईटेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे में उनका शरीर करीब 70 प्रतिशत तक झुलस गया। गंभीर हालत में उन्हें उपचार के लिए लखनऊ रेफर किया गया है।
हैरानी की बात यह है कि जिस घर में यह हादसा हुआ, वहां एक सप्ताह के भीतर करंट लगने की यह दूसरी घटना है। इससे पहले सजावट का काम करने पहुंचे हसनपुर, महाराजगंज निवासी अमित सिंह भी बिजली की चपेट में आकर झुलस गए थे। लगातार दो हादसों के बावजूद हाईटेंशन लाइन की समस्या का समाधान न होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है।
एक ही मकान में बार-बार हो रही विद्युत दुर्घटनाओं ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि रिहायशी मकान के इतने करीब से गुजर रही 33 केवी लाइन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है। यदि समय रहते विद्युत विभाग ने जरूरी सुरक्षा इंतजाम नहीं किए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय लोगों ने विभागीय अधिकारियों से हाईटेंशन लाइन की स्थिति की जांच कराकर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।




