91 औद्योगिक इकाइयों में शुरू हुआ उत्पादन, लंबित प्रकरणों के निस्तारण के निर्देश
उत्तर प्रदेश /ईटीवी न्यूज 24/ वागीश
जनपद सुल्तानपुर मे औद्योगिक विकास को गति देने और व्यापारियों की समस्याओं के समाधान को लेकर कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में उद्योग बंधु, व्यापार बंधु एवं मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देशन में हुई बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने की। बैठक में व्यापारियों की ओर से अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर प्रशासन ने जल्द अभियान चलाकर सड़कों और बाजारों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए।
व्यापारियों ने अमहट से गोलाघाट, पयागीपुर चौराहे से गोलाघाट और चौक क्षेत्र में अतिक्रमण की समस्या उठाई। इस पर सीडीओ ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को एसडीएम सदर, सीओ सिटी और यातायात पुलिस के साथ समन्वय बनाकर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। अभियान से पहले पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी जाएगी। इसके बाद भी अतिक्रमण नहीं हटाने वालों पर जुर्माना लगाने के साथ सामान जब्त करने की कार्रवाई होगी। ठेला लगाने वालों को नए वेंडिंग जोन में स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए गए।
बैंक आवेदनों में मनमानी पर शाखा प्रबंधक होंगे जिम्मेदार
मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की समीक्षा के दौरान सीडीओ ने सभी बैंक अधिकारियों को लंबित आवेदनों का तत्काल निस्तारण करने के निर्देश दिए। बैंक ऑफ बड़ौदा और भारतीय स्टेट बैंक समेत सभी बैंकों को स्वीकृत आवेदनों का शीघ्र वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आवेदन को बिना ठोस कारण निरस्त नहीं किया जाए। ऐसा मामला सामने आने पर संबंधित शाखा प्रबंधक की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना में जनपद को सीएम डैशबोर्ड पर ‘ए’ ग्रेड मिलने की जानकारी भी दी गई।
91 इकाइयों में शुरू हुआ उत्पादन, समस्याओं के समाधान पर जोर
बैठक में बताया गया कि निवेशमित्र पोर्टल पर किसी भी विभाग का प्रकरण समय सीमा के बाद लंबित नहीं है।
वहीं, जनपद के 23 विभागों द्वारा हस्ताक्षरित एमओयू के सापेक्ष 91 औद्योगिक इकाइयों में उत्पादन शुरू हो चुका है। सीडीओ ने शेष इकाइयों से लगातार संपर्क कर उनकी समस्याओं का समाधान कराने और पोर्टल पर प्रगति की अद्यतन स्थिति दर्ज करने के निर्देश दिए। यूपीसीडा को नए औद्योगिक क्षेत्र से संबंधित पत्र दोबारा भेजने तथा सरदार वल्लभभाई पटेल इम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन के शासनादेश के अनुसार यूपीडा को पत्र प्रेषित करने के निर्देश भी दिए गए। व्यापारियों ने मंडी परिषद में नियमित सफाई कराने की मांग उठाई।
बैठक का संचालन सहायक आयुक्त राज्य कर ने किया। इसमें उपायुक्त उद्योग, अधिशासी अभियंता विद्युत, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका, सहायक श्रमायुक्त, अग्रणी जिला प्रबंधक, विभिन्न बैंकों के प्रबंधक, यूपीसीडा, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि, जिला सूचना अधिकारी, उद्यमी, व्यापारी और औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।




