AIMIM और आजाद समाज पार्टी के गठबंधन का ऐलान, अखिलेश के PDA समीकरण को मिलेगी चुनौती
सीटों के बंटवारे पर अभी बातचीत बाकी, दलित-मुस्लिम वोटों को एकजुट करने की रणनीति
उत्तर प्रदेश लखनऊ/ etv news24/ वागीश
उत्तर प्रदेश के राजधानी लखनऊ में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले सियासी समीकरण तेजी से बदलने लगे हैं। असदुद्दीन ओवैसी और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगामी विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ने का ऐलान किया है। दोनों नेताओं के बीच AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के गठबंधन पर सहमति बन गई है। इस घोषणा के बाद प्रदेश की राजनीति में नए सियासी मोर्चे की चर्चा तेज हो गई है।
इस गठबंधन को दलित और मुस्लिम मतदाताओं को एक साझा राजनीतिक मंच पर लाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों की नजर अब इस बात पर है कि ओवैसी और चंद्रशेखर की जोड़ी समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समीकरण को कितनी चुनौती दे पाएगी। दोनों दलों की रणनीति और चुनावी तैयारी आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति की दिशा तय कर सकती है।
हालांकि गठबंधन की घोषणा के बावजूद सीटों के बंटवारे को लेकर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है। दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर आगे बातचीत होगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि दोनों पार्टियां कितनी सीटों पर चुनाव लड़ती हैं और किन क्षेत्रों में संयुक्त रूप से अपनी ताकत दिखाने की तैयारी करती हैं।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में AIMIM को 0.49 प्रतिशत और आजाद समाज पार्टी को 0.13 प्रतिशत वोट मिले थे। दोनों का संयुक्त मत प्रतिशत 0.62 रहा था। हालांकि इस बार राजनीतिक परिस्थितियां पहले से अलग हैं। चंद्रशेखर आजाद नगीना लोकसभा सीट से सांसद हैं, जबकि ओवैसी की पार्टी भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में अपनी राजनीतिक मौजूदगी बढ़ाने में जुटी है।
दूसरी ओर, इस गठबंधन को लेकर विपक्षी वोटों के बंटवारे की आशंका भी जताई जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों के बीच चर्चा है कि यदि दलित और मुस्लिम मतदाताओं के बीच दोनों दल अपनी पकड़ मजबूत करते हैं तो इसका असर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के चुनावी समीकरण पर भी पड़ सकता है। इससे भाजपा को संभावित चुनावी लाभ मिलने की अटकलें भी लगाई जा रही हैं।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि ओवैसी और चंद्रशेखर का यह नया गठबंधन 2027 के विधानसभा चुनाव में कितना प्रभावी साबित होगा? क्या यह अखिलेश यादव के PDA के मुकाबले एक मजबूत राजनीतिक विकल्प बन पाएगा या फिर विपक्षी मतों के बंटवारे से भाजपा की राह आसान करेगा? इन सवालों का जवाब आने वाले दिनों में गठबंधन की रणनीति, सीटों के बंटवारे और चुनावी प्रदर्शन से सामने आएगा।




