मुलाकात न होने पर जताई नाराजगी, आरक्षण विसंगति दूर करने की मांग
पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट लागू कराने को लेकर आंदोलन जारी
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी मे आज 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण विसंगति का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया। बुधवार को बड़ी संख्या में भर्ती के अभ्यर्थियों ने बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह के आवास पर पहुंचकर प्रदर्शन किया। मंत्री से मुलाकात नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने दंडवत मुद्रा में बैठकर अपनी मांगों की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल तैनात रहा।
अभ्यर्थियों के मुताबिक, प्रशासन की ओर से उन्हें आश्वासन दिया गया था कि उनकी मांगों को लेकर शिक्षा मंत्री से मुलाकात कराई जाएगी। इसी भरोसे के साथ वे मंत्री के आवास पर पहुंचे और काफी देर तक इंतजार करते रहे। शाम करीब चार बजे तक मुलाकात नहीं होने पर अभ्यर्थियों ने नाराजगी जताते हुए प्रदर्शन शुरू कर दिया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे तूफान सिंह ने आरोप लगाया कि 68500 शिक्षक भर्ती में आरक्षण के नियमों का समुचित अनुपालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि आरक्षण से जुड़ी विसंगतियों के समाधान की मांग को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
तूफान सिंह के अनुसार, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की ओर से मामले में आदेश/रिपोर्ट जारी कर आरक्षण नियमों के अनुपालन को लेकर निर्देश दिए गए हैं। अभ्यर्थियों का आरोप है कि संबंधित विभाग की ओर से आयोग की रिपोर्ट को लागू नहीं किया जा रहा है और मामला लंबित रखा गया है।
अभ्यर्थियों ने सरकार से मांग की कि राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट को लागू कर आरक्षण संबंधी विसंगतियों का समाधान किया जाए और प्रभावित अभ्यर्थियों को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगों पर ठोस निर्णय होने तक आंदोलन जारी रहेगा।




