डीएवी और नाका चौराहे पर गूंजा जागरूकता का संदेश
युवा शक्ति सामाजिक बदलाव की मजबूत संवाहक : प्रो. मंजुला उपाध्याय
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी आज सेवा संकल्प अभियान के तहत नवयुग कन्या महाविद्यालय की राष्ट्रीय सेवा योजना की तीनों इकाइयों और बीएड विभाग के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को जन-जागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए। क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में हुए कार्यक्रम में छात्राओं ने शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामाजिक मुद्दों को लेकर प्रभावी संदेश दिए।
डीएवी चौराहे पर छात्राओं ने महिला सशक्तिकरण विषय पर नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसमें महिलाओं की आत्मनिर्भरता, सुरक्षा, अधिकारों और बेटियों की शिक्षा पर जोर दिया गया। छात्राओं ने महिलाओं के लिए संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उन्हें स्वावलंबी बनने का संदेश दिया।
इसके बाद नाका चौराहे पर नशामुक्ति को लेकर नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। छात्राओं ने नशे के कारण परिवारों में होने वाले विघटन, स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव और आर्थिक नुकसान को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। लोगों से नशे से दूर रहने और स्वस्थ समाज के निर्माण में भागीदारी का आह्वान किया गया।
महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने छात्राओं के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि युवा शक्ति सामाजिक बदलाव की महत्वपूर्ण संवाहक है। सार्वजनिक स्थलों पर ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनसामान्य तक सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है।
नुक्कड़ नाटक में सानवी खन्ना, मधु यादव, श्रुति पांडेय, गोल्डी गौतम, अंशिका सिंह, अंजली कुमारी, शिल्पा यादव, दर्शना उपाध्याय, निशा बानो, श्वेता शर्मा, अंजली गुप्ता, अंकिमा देवी, गूनी गुप्ता, अनुश्री त्रिपाठी, शिवांगी और अदिति गुप्ता समेत छात्राओं ने भूमिका निभाई। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा बड़ौनियां, डॉ. चंदन मौर्य, दीक्षा तथा बीएड विभाग की प्रो. रशीदा खातून, प्रो. सरिता कनौजिया, प्रो. निशी गुप्ता और डॉ. दीपशिखा मौजूद रहीं। कार्यक्रम में नाका हिंडोला थाना पुलिस का भी सहयोग मिला। स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने छात्राओं के अभिनय और सामाजिक संदेश की सराहना की।




