अब तक 8,043 घरों में स्थापित हो चुके हैं सोलर संयंत्र, योजना को गांव-गांव तक पहुंचाने की तैयारी
सीडीओ ने ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और स्वयं सहायता समूहों को जागरूकता अभियान से जोड़ने पर दिया जोर
जौनपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद के हर घर को सौर ऊर्जा से रोशन करने और लोगों को बिजली के खर्च से राहत दिलाने के लिए प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को नई रफ्तार देने की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में 20,689 सोलर संयंत्र स्थापित करने के लक्ष्य के सापेक्ष अब तक 8,043 संयंत्र लगाए जा चुके हैं। शेष लक्ष्य को पूरा करने के लिए प्रशासन अब योजना का लाभ गांव-गांव और प्रत्येक ग्राम पंचायत तक पहुंचाने पर जोर दे रहा है।
इसी क्रम में बुधवार को विकास भवन में पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री, फर्स्टव्यू और यूपीनेडा की ओर से जागरूकता एवं विचार-विमर्श कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें प्रशासनिक अधिकारियों, बैंकिंग क्षेत्र, उद्योग जगत और सौर ऊर्जा से जुड़े प्रतिनिधियों ने रूफटॉप सोलर के विस्तार, उपभोक्ताओं को वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ाने पर चर्चा की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य विकास अधिकारी नरेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि रूफटॉप सोलर केवल बिजली बचाने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह परिवारों को लंबे समय तक आर्थिक राहत देने और ऊर्जा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का महत्वपूर्ण विकल्प है। योजना का लाभ अधिक से अधिक परिवारों तक पहुंचाने के लिए प्रशासन गंभीरता से प्रयास करेगा। उन्होंने लंबित आवेदनों की नियमित निगरानी करने और बैंकों, यूपीनेडा तथा बिजली वितरण कंपनी के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए।
सीडीओ ने कहा कि योजना को सफल बनाने के लिए ग्राम प्रधानों, पंचायत सचिवों और स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को जागरूकता अभियान से जोड़ा जाए। इससे ग्रामीण परिवारों को योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और सब्सिडी की सही जानकारी मिल सकेगी तथा वे बिना किसी बिचौलिए के योजना का लाभ उठा सकेंगे।
जिला अग्रणी प्रबंधक (एलडीएम) इंडियन बैंक हर्षमान कुमार ने बताया कि पात्र उपभोक्ताओं को सोलर संयंत्र लगवाने के लिए बैंक वित्तीय सहायता देने को तैयार हैं। उन्होंने इच्छुक आवेदकों से आवश्यक दस्तावेजों के साथ नजदीकी बैंक शाखा में संपर्क करने की अपील की।
यूपीनेडा के परियोजना अधिकारी नंद लाल कुमार ने सोलर संयंत्र स्थापना की तकनीकी और प्रक्रियात्मक जानकारी दी। उन्होंने उपभोक्ताओं को केवल अधिकृत एवं पैनल में शामिल वेंडरों से ही संयंत्र लगवाने की सलाह दी। साथ ही साइट सर्वेक्षण, इंस्टॉलेशन, कमीशनिंग और निरीक्षण की निर्धारित प्रक्रिया का पालन करने पर जोर दिया।
पीएचडीसीसीआई के सीनियर रेजिडेंट ऑफिसर अमरेश रस्तोगी ने बताया कि चार से छह दिसंबर तक वाराणसी के दीनदयाल हस्तकला संकुल में उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो (यूपीईएक्स) 2026 आयोजित होगा। इसमें स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े नीति-निर्माता, बिजली कंपनियां, उद्योग और तकनीकी प्रदाता शामिल होंगे। उन्होंने जौनपुर के उद्यमियों, सोलर इंस्टॉलरों और संस्थानों से एक्सपो में भाग लेने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में आयोजित खुली चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने सब्सिडी, बैंक ऋण, नेट मीटरिंग, वेंडर चयन और संयंत्र स्थापना में लगने वाले समय से जुड़े सवाल उठाए। अधिकारियों और उद्योग प्रतिनिधियों ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। आयोजकों ने कहा कि प्रशासनिक सक्रियता, बैंकिंग सहयोग और जनभागीदारी से ही योजना को व्यापक स्तर पर सफल बनाया जा सकता है।




