चंदौली/उत्तर प्रदेश/Etv News 24
चंदौली जनपद में अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद नजर आ रहे हैं। गुरुवार रात्रि को अलीनगर थाना क्षेत्र के गोधना मोड़ पर दुकान बंद कर घर जा रहे एक सर्राफा व्यापारी को बदमाशों ने निशाना बना लिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार तीन बदमाश ज्वैलरी शॉप के पास पहुंचे और व्यापारी से बैग छीनने को लेकर धक्कामुक्की करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने असलहे से फायर कर दिया, जिससे व्यापारी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद बदमाश व्यापारी का बैग लेकर मौके से फरार हो गए। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल व्यापारी को आनन-फानन में जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
लगातार दूसरे दिन सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाए जाने से पूरे जनपद में दहशत का माहौल है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और प्रत्येक एंगल से जांच की जा रही है। वहीं घायल व्यापारी के भाई राधेश्याम बिंद ने बदमाशों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। इमरजेंसी चिकित्सक डॉ. चंद्रमणि सिंह ने बताया कि घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए ट्रामा सेंटर रेफर किया गया है।



