पंचायतों में प्रशासकों की व्यवस्था फिलहाल रहेगी जारी
शासनादेश जारी होने के बाद स्थिति होगी स्पष्ट
पंचायत चुनाव की तैयारियों के बीच सरकार का अहम फैसला
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ उत्तर प्रदेश में ग्राम पंचायतों के प्रशासनिक संचालन को लेकर योगी सरकार ने अहम फैसला लिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, योगी कैबिनेट ने ग्राम पंचायतों में नियुक्त प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस फैसले के बाद ग्राम पंचायतों में प्रशासकों की व्यवस्था फिलहाल आगे भी जारी रहने का रास्ता साफ हो गया है।
बताया जा रहा है कि ग्राम पंचायतों के नियमित निर्वाचित निकायों के गठन तक प्रशासनिक व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया गया है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद अब शासन स्तर से संबंधित आदेश जारी किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
इस फैसले का सीधा असर प्रदेश की ग्राम पंचायतों की प्रशासनिक व्यवस्था पर पड़ेगा। हालांकि, कार्यकाल विस्तार की प्रभावी तिथि, विस्तृत शर्तों और अन्य प्रक्रियागत पहलुओं की आधिकारिक जानकारी शासनादेश जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।




