प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा, 20 से ज्यादा स्टार्टअप्स ने निवेशकों के सामने रखे अपने बिजनेस आइडिया
JioHotstar पर लॉन्च होगा ‘कल के करोड़पति’, अभिनेता अमित साध होंगे शो के होस्ट
नई दिल्ली/ Etv News 24 /संवाददाता वागीश
नई दिल्ली देश में स्टार्टअप और उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से Favcy Venture Builders की ओर से आयोजित शुभ लाभ स्टार्टअप समिट 2026 का आयोजन भारत मंडपम में किया गया। 13 और 14 नवंबर तक चलने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में 300 से अधिक प्रतिभागियों, 50 से ज्यादा स्टार्टअप्स, 50 से अधिक फैमिली ऑफिस, वेंचर कैपिटल फंड और प्रमुख कॉर्पोरेट ब्रांड्स ने हिस्सा लिया। समिट में 20 से अधिक लाइव स्टार्टअप पिच और 22 प्रदर्शनी स्टॉल के माध्यम से उद्यमियों को अपने कारोबार और नए व्यावसायिक विचारों को निवेशकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
समिट का प्रमुख आकर्षण ‘शुभ लाभ पिच रूम’ रहा, जहां स्टार्टअप संस्थापकों ने फैमिली ऑफिस, एंजेल निवेशकों, वेंचर कैपिटल फंड और कॉर्पोरेट निर्णयकर्ताओं के साथ सीधे संवाद किया। कार्यक्रम में इस बात पर चर्चा हुई कि फैमिली ऑफिस किस तरह नए वेंचर कैपिटल निवेशकों की भूमिका निभा रहे हैं और महानगरों से बाहर छोटे शहरों में भी उद्यमिता की संभावनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इसके अलावा कॉर्पोरेट वेंचर स्टूडियो, सरकारी सहयोग और स्टार्टअप विस्तार जैसे विषयों पर भी विशेषज्ञों ने विचार रखे। कार्यक्रम में नीति आयोग से जुड़े प्रतिनिधियों की भागीदारी भी रही।
Favcy Venture Builders के संस्थापक प्रणव चतुर्वेदी ने कहा कि भारत में उद्यमियों और पूंजी की कमी नहीं है, बल्कि जरूरत ऐसे प्रभावी तंत्र की है, जो दोनों को सही तरीके से जोड़ सके। वेंचर बिल्डिंग का उद्देश्य केवल निवेश उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि कारोबार को स्थापित करने से लेकर उसके संचालन, रणनीति और विस्तार तक सहयोग देना है। उन्होंने कहा कि यह समिट संस्थापकों, फैमिली ऑफिस और कॉर्पोरेट जगत को एक मंच पर लाकर नए व्यावसायिक अवसरों को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
समिट का समापन ‘शुभ लाभ ट्रिलॉजी’ के पहले अध्याय ‘शुभ लाभ चैप्टर-1 : कल के करोड़पति’ के ट्रेलर लॉन्च के साथ होगा।
अभिनेता अमित साध इस शो की मेजबानी करेंगे और यह JioHotstar पर स्ट्रीम होगा। शो में राजस्व अर्जित कर रहे स्टार्टअप्स और व्यवसायों के संस्थापकों की उद्यमशीलता की यात्रा दिखाई जाएगी।
इसमें छोटे शहरों से आने वाले उद्यमियों को भी मंच मिलेगा। निवेशक केवल शुरुआती पूंजी उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि कारोबार को आगे बढ़ाने और विस्तार दिलाने में भी सहयोग करेंगे।
अमित साध ने कहा कि फिल्म निर्माण और व्यवसाय खड़ा करने में कई समानताएं हैं। दोनों क्षेत्रों में दृढ़ विश्वास, सोच-समझकर जोखिम उठाने और बड़े लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहने की जरूरत होती है। देशभर के उद्यमियों की सोच और महत्वाकांक्षा प्रेरणादायक है। उन्हें खुशी है कि वह ऐसे मंच से जुड़े हैं, जो उद्यमियों को पहचान और मार्गदर्शन देने का काम करेगा।
गौरतलब है कि Favcy Venture Builders अब तक 60 से अधिक वेंचर्स के निर्माण और विकास में सहयोग कर चुका है। संस्था 1to10 Founders Club, 1stCheque, सेक्टर आधारित स्टूडियो और Favcy Selects जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से नए व्यवसायों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभा रही है।




