अचानक बिगड़ी तबीयत, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, रिपोर्ट से स्पष्ट होगा मौत का कारण
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
कोतवाली लम्भुआ क्षेत्र के धौरहरा/धारपुर गांव में बुधवार दोपहर 16 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। किशोरी की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
मृतका की पहचान कुसुम पुत्री संतराम के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार बुधवार दोपहर अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लम्भुआ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर पहुंची लम्भुआ कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल किशोरी की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




