समान कार्य-समान वेतन और मानदेय बढ़ाने की उठाई मांग
लेखाकारों और कंप्यूटर ऑपरेटरों को ईपीएफ-ईएसआई, कैशलेस इलाज व अवकाश की सुविधा देने की अपील
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
बेसिक शिक्षा विभाग में पिछले 16 वर्षों से कार्यरत आउटसोर्सिंग लेखाकारों और कंप्यूटर ऑपरेटरों के नियमितीकरण का मुद्दा एक बार फिर चर्चा में है।
विधान परिषद सदस्य देवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इन कर्मचारियों के लिए स्थायी पदों का सृजन करने, नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने तथा समान कार्य के लिए समान वेतन देने की मांग की है। उन्होंने कर्मचारियों के मानदेय में वृद्धि के साथ सामाजिक सुरक्षा और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की भी अपील की है।
पत्र में कहा गया है कि लंबे समय से विभागीय कार्यों में योगदान देने के बावजूद आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को सीमित मानदेय पर काम करना पड़ रहा है।
उपलब्ध विवरण के अनुसार, लेखाकारों को प्रतिमाह 10,621 रुपये और कंप्यूटर ऑपरेटरों को 9,615 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। ऐसे में कर्मचारियों के वेतन और सेवा शर्तों में सुधार की आवश्यकता पर जोर दिया गया है।
देवेंद्र प्रताप सिंह ने कर्मचारियों को कर्मचारी भविष्य निधि (ईपीएफ), कर्मचारी राज्य बीमा (ईएसआई), कैशलेस चिकित्सा सुविधा और नियमानुसार अवकाश का लाभ देने की मांग भी उठाई है। उनका कहना है कि लंबे समय से सेवा दे रहे कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। अब इस मांग पर शासन की ओर से क्या कदम उठाए जाते हैं, इस पर कर्मचारियों की निगाहें टिकी हैं।




