योगी सरकार की डिजिटल पहल: गांव में खुला ज्ञान का नया द्वार, किताबों के साथ हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा
अब शहर की दूरी नहीं रोकेगी पढ़ाई, खुसहा मोहम्मदपुर की डिजिटल लाइब्रेरी में कंप्यूटर से लेकर ई-बुक तक सुविधा
खबर गांव में खुला ज्ञान का डिजिटल द्वार, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी होगी आसान
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
लखनऊ राजधानी गांव के बच्चों को बेहतर शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अब शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर बहुराइच के तेजवापुर ब्लॉक के खुसहा मोहम्मदपुर में ग्राम पंचायत सचिवालय में तैयार डिजिटल लाइब्रेरी की जानकारी साझा करते हुए इसे गांव में शिक्षा के नए अवसरों से जोड़ने वाली पहल बताया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गांव के बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए किताबों और बेहतर संसाधनों की तलाश में शहर जाना पड़ता था। इसमें समय और
धन दोनों खर्च होते थे। डिजिटल लाइब्रेरी ने इस दूरी को कम करने का काम किया है।
ग्राम पंचायत सचिवालय में तैयार इस लाइब्रेरी में किताबों और कंप्यूटर के साथ आधुनिक तकनीक को एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराया गया है। यहां कंप्यूटर, प्रिंटर, हाई-स्पीड इंटरनेट, वाई-फाई, स्मार्ट टीवी और सीसीटीवी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए पुस्तकों के अलावा नेशनल बुक ट्रस्ट का साहित्य भी उपलब्ध कराया गया है। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री और डिजिटल कंटेंट दोनों एक ही स्थान पर मिल सकेंगे।
मुख्यमंत्री के मुताबिक, इस तरह की पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा के संसाधनों की पहुंच बढ़ाने के साथ पारंपरिक अध्ययन और डिजिटल तकनीक के बीच बेहतर तालमेल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खासकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे ग्रामीण युवाओं के लिए ऐसी लाइब्रेरी शहरों पर निर्भरता कम करने में मददगार हो सकती हैं।




