पीड़ितों तक पहुंचाई राहत सामग्री, अधिकारियों को बचाव कार्य तेज करने के निर्देश
बाढ़ प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा, राहत कार्यों की सीएम ने की समीक्षा
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
गोमती नदी में बढ़े जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बाढ़ प्रभावित इलाकों में जलभराव और लोगों की स्थिति देखी तथा प्रशासन की ओर से संचालित राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने प्रभावित लोगों से मुलाकात कर उन्हें राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से प्रभावित परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। प्रशासन को राहत सामग्री, भोजन, दवा समेत आवश्यक सुविधाएं प्रभावित लोगों तक प्राथमिकता के आधार पर पहुंचाने के निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखने और जरूरत के अनुसार बचाव एवं राहत अभियान तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जलस्तर और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए तथा जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
योगी ने अधिकारियों से कहा कि बाढ़ प्रभावित लोगों की समस्याओं का तत्काल समाधान किया जाए। राहत शिविरों में रहने वाले लोगों को भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य सुविधाएं और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही न हो। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को स्पष्ट निर्देश दिया कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।




