बारिश में छाता लेकर फील्ड में उतरे डीएम इंद्रजीत सिंह, पांचोपीरन टाउन फीडर द्वितीय का किया निरीक्षण
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/ संवाददाता वागीश कुमार
सुलतानपुर भारी बारिश और तेज आंधी के बीच जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह का जमीनी निरीक्षण और मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेना चर्चा का विषय बना हुआ है। शनिवार को जिलाधिकारी खुद छाता लेकर बारिश के बीच फील्ड में उतरे और जनता के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनीं। सड़क से लेकर गांव तक लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की जानकारी लेने और अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देने की उनकी सक्रियता की स्थानीय स्तर पर सराहना हो रही है।
जिलाधिकारी लगातार हो रही बारिश और उससे उत्पन्न परिस्थितियों पर नजर बनाए हुए हैं। इसी क्रम में उन्होंने टाउन फीडर द्वितीय, पांचोपीरन का निरीक्षण कर विद्युत आपूर्ति की स्थिति का जायजा लिया। विद्युत व्यवस्था को लेकर उन्होंने अधीक्षण अभियंता, अधिशासी अभियंता (EXEN), सहायक अभियंता (AE) सहित विद्युत विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक की और बाधित विद्युत आपूर्ति को प्राथमिकता के आधार पर बहाल कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधीक्षण अभियंता को निर्देशित किया कि विद्युत आपूर्ति बहाल कराने में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। जिला प्रशासन की ओर से विद्युत विभाग को हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया गया, ताकि खराब मौसम के कारण परेशान हो रहे लोगों को जल्द राहत मिल सके।
पांचोपीरन क्षेत्र में विद्युत लाइन पर आम का पेड़ गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई थी। विद्युत विभाग के AE एवं कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर तारों पर गिरे पेड़ को हटाया, जिसके बाद क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति बहाल कराई गई।
विद्युत विभाग के अनुसार, खराब मौसम के कारण जनपद के विभिन्न स्थानों पर विद्युत व्यवस्था प्रभावित हुई है। विभाग द्वारा अब तक 8 ट्रांसफार्मरों को दुरुस्त कर विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जा चुकी है। अन्य प्रभावित क्षेत्रों में भी अधिकारी और कर्मचारी लगातार मौके पर रहकर मरम्मत कार्य में जुटे हुए हैं।
तीन दिन से विद्युत आपूर्ति बाधित होने की जानकारी जैसे ही जिलाधिकारी के संज्ञान में आई, उन्होंने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विद्युत विभाग की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय हुईं और आपूर्ति बहाल कराने का कार्य तेज किया गया।
बारिश के बीच छाता लेकर खुद फील्ड में उतरना और अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेना जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह की कार्यशैली में जमीनी सक्रियता को दर्शाता है। आमजन के बीच पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनना और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है। खराब मौसम के बावजूद जिलाधिकारी के लगातार फील्ड में रहने और व्यवस्थाओं पर नजर रखने की स्थानीय लोगों द्वारा जमकर सराहना की जा रही है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जहां भी विद्युत आपूर्ति बाधित है, वहां टीमें तत्काल पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करें और आमजन को जल्द से जल्द राहत प्रदान की जाए।




