जमुई की घटना की निंदा
दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़िता को मुआवजा देने की मांग
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
बिहार के मामले को लेकर जमुई के महिला के साथ हुई कथित बर्बरता की घटना को लेकर अखिल भारतीय क्रांतिकारी महिला संगठन (AIRWO) ने कड़ी नाराजगी जताई है। संगठन ने घटना की निंदा करते हुए आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में सुनवाई और पीड़िता को 20 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है।AIRWO की ओर से जारी बयान में कहा गया कि जमुई की घटना को महज एक आपराधिक वारदात के तौर पर नहीं देखा जाना चाहिए। संगठन ने आरोप लगाया कि गरीब, दलित, आदिवासी और वंचित तबके की महिलाएं आज भी हिंसा और उत्पीड़न का सामना कर रही हैं। संगठन ने बिहार सरकार और पुलिस प्रशासन पर महिला सुरक्षा के प्रति लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।संगठन ने कहा कि मणिपुर, हाथरस, उन्नाव और कठुआ समेत देश के विभिन्न हिस्सों में महिलाओं के खिलाफ हुई गंभीर घटनाएं चिंता का विषय हैं। AIRWO ने मांग की कि महिलाओं के खिलाफ लंबित जघन्य अपराधों की सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक अदालतें गठित की जाएं और पीड़िताओं को समयबद्ध न्याय सुनिश्चित किया जाए।बयान में जमुई की पीड़िता को बेहतर चिकित्सा सुविधा और पूर्ण पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने तथा घटना को दबाने में कथित भूमिका की जांच कर जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई। संगठन ने महिला आयोगों को अधिक प्रभावी बनाने और कार्यस्थल, खेत-खलिहान व घर समेत सभी स्थानों पर महिलाओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानूनों के कड़ाई से पालन की भी मांग की।AIRWO ने महिला, छात्र, युवा और श्रमिक संगठनों समेत सामाजिक संगठनों से महिला उत्पीड़न के खिलाफ एकजुट होकर आवाज उठाने का आह्वान किया। संगठन ने कहा कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा की प्रत्येक घटना में निष्पक्ष जांच और दोषियों को कानून के तहत सजा दिलाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए।




