सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमारउत्तर
सुल्तानपुर तहसील सदर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा रूपापुर में लगातार 48 घंटे से हो रही मूसलाधार बारिश के चलते एक गरीब का आशियाना जमींदोज हो गया। गांव के निवासी मेही लाल गुप्ता (पुत्र स्वर्गीय कन्हई) का कच्चा मकान बारिश की सीलन और पानी के तेज बहाव को झेल नहीं सका और भरभरा कर गिर गया। गनीमत यह रही कि हादसे के समय परिवार के सदस्य सतर्क थे और समय रहते बाहर निकल आए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया और सभी लोग बाल-बाल बच गए।
ग्रामीणों के अनुसार, पिछले दो दिनों से हो रही अनवरत बारिश की वजह से मकान की दीवारों में नमी आ गई थी। अचानक तेज आवाज के साथ मकान की छत और दीवारें गिर गईं।
यद्यपि इस दुर्घटना में किसी जनहानि की सूचना नहीं है, लेकिन मकान के मलबे में दबने से घर में रखा सारा सामान—अनाज, कपड़े, बर्तन और दैनिक उपयोग की अन्य सामग्रियां पूरी तरह नष्ट हो गई हैं। मेही लाल गुप्ता का परिवार भारी आर्थिक संकट का सामना कर रहा है।
पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से तत्काल आर्थिक सहायता और राहत प्रदान करने की मांग की है। ग्रामीणों ने भी तहसील प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित करते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी योजना के तहत जल्द से जल्द आर्थिक मदद और आवास उपलब्ध कराने की अपील की है।




