व्रती महिलाओं को अर्घ्य के लिए उपलब्ध कराया कच्चा दूध, श्रद्धालुओं को पिलाई मसाला व नींबू चाय
सेवा और समर्पण के भाव से जुटे रहे कार्यकर्ता, श्रद्धालुओं ने की पहल की सराहना
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के अवसर पर सीताकुंड घाट पर सेवा भारती कुशभवनपुर की ओर से सेवा और सहयोग की सराहनीय पहल की गई। घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए संस्था की ओर से निःशुल्क चिकित्सा एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया गया। इसके साथ ही व्रती महिलाओं को अर्घ्य देने के लिए कच्चा दूध उपलब्ध कराया गया, जबकि अन्य श्रद्धालुओं को मसाला चाय और नींबू चाय वितरित की गई।
छठ पूजा के दौरान घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं की सुविधा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सेवा भारती के कार्यकर्ताओं ने पूरे समर्पण के साथ व्यवस्थाएं संभालीं। स्वास्थ्य शिविर में श्रद्धालुओं का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं, व्रती महिलाओं को अर्घ्य के लिए कच्चा दूध उपलब्ध कराकर उनकी धार्मिक आवश्यकताओं का ध्यान रखा गया। घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं को चाय वितरित कर संस्था के सदस्यों ने सेवा भाव का परिचय दिया।
इस अवसर पर विभाग प्रचारक प्रकाश, विभाग संघचालक डॉ. अरुण कुमार सिंह, नगर संघचालक सुदीप पाल, नगर प्रचारक सुशील, नगर कार्यवाह अनूप, सेवा प्रमुख पंकज गोस्वामी तथा सेवा भारती के जिला महामंत्री शेर बहादुर सहित संघ के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई और सेवा कार्यों को सफल बनाने में योगदान दिया।
सेवा भारती की इस पहल की श्रद्धालुओं ने सराहना की। आस्था के महापर्व पर स्वास्थ्य सुविधा, सहयोग और जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने की इस पहल ने छठ पूजा के सामाजिक और सेवाभावी पक्ष को भी उजागर किया।




