चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल के खिलाफ लगाए नारे, दुकानों पर कार्रवाई न होने का डीएम ने दिया भरोसा
डीएम बोले- दुकानें खाली नहीं होंगी, मामले की खुद कर रहा हूं मॉनिटरिंग
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुलतानपुर। अमेठी बाड़ा गल्ला मंडी की दुकानों और संबंधित भूमि को लेकर सोमवार को व्यापारियों व किरायेदारों ने जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की। इस दौरान नगर पालिका परिषद के चेयरमैन प्रवीण अग्रवाल के खिलाफ नारेबाजी भी की गई।
व्यापारियों ने जिलाधिकारी को दिए ज्ञापन में नगर पालिका की ओर से की गई न्यायालयीय पैरवी, कथित नोटिसों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई न किए जाने और 17 मार्च 2026 को हुए एकपक्षीय आदेश समेत विभिन्न बिंदुओं की जांच कराने की मांग उठाई। व्यापारियों का कहना था कि मंडी से लंबे समय से कई परिवारों की रोजी-रोटी जुड़ी हुई है। ऐसे में दुकानों से संबंधित किसी भी कार्रवाई से पहले अभिलेखों और पूरे मामले की गहन जांच आवश्यक है।
ज्ञापन में संबंधित भूमि के नजूल एवं नगर पालिका संपत्ति से जुड़े अभिलेखों का मूल दस्तावेजों के आधार पर सत्यापन कराने की मांग की गई। इसके अलावा वर्ष 1957-58 के पट्टा संबंधी दस्तावेज, किराया रजिस्टर, न्यायालयीय पत्रावली तथा राजस्व अभिलेखों की भी जांच कराने की मांग व्यापारियों ने रखी।
व्यापारियों ने आरोप लगाया कि मामले में अलग-अलग स्तर पर हुई कार्रवाई और न्यायालयीय प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट नहीं होने से उनमें असमंजस है। उन्होंने जिलाधिकारी से पूरे प्रकरण की निगरानी कर व्यापारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष निर्णय कराने की मांग की।
व्यापारियों की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने उन्हें भरोसा दिलाया कि दुकानें खाली नहीं होंगी और मामले की वह स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डीएम के इस आश्वासन के बाद व्यापारियों ने राहत जताई। अब व्यापारियों की नजर प्रशासन की ओर से मामले में की जाने वाली आगामी कार्रवाई पर है।




