सीताकुंड धाम पर नदी और घाट से निकाली कुंतलों पूजन सामग्री व कांच के टुकड़े
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए दो घंटे तक चला श्रमदान, स्वच्छता बनाए रखने की अपील
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर मे छठ महापर्व पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित घाट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गोमती मित्र मंडल समिति के सदस्यों ने रविवार को सीताकुंड धाम पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। करीब दो घंटे तक चले श्रमदान के दौरान समिति के सदस्यों ने आदि गंगा गोमती के जल और तट से कुंतलों पूजन सामग्री, खंडित मूर्तियां, कांच के फ्रेम, प्लास्टिक और अन्य अपशिष्ट बाहर निकाले।
समिति के सदस्यों ने बताया कि छठ पर्व पर बड़ी संख्या में व्रती महिलाएं और श्रद्धालु गोमती नदी के घाट पर पहुंचकर पूजा-अर्चना करते हैं। ऐसे में नदी और घाट की स्वच्छता के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा भी बेहद जरूरी है। नदी में पड़े कांच के टुकड़े और नुकीली वस्तुएं पानी में उतरने वाले श्रद्धालुओं के लिए चोट का कारण बन सकती हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाकर घाट और नदी की सफाई की गई।
गोमती मित्र मंडल ने श्रद्धालुओं से अपील की कि पूजा-पाठ के बाद पूजन सामग्री, खंडित मूर्तियां और अन्य अपशिष्ट नदी में न डालें। धार्मिक आस्था के साथ पर्यावरण और मां गोमती की स्वच्छता का भी ध्यान रखें। समिति की ओर से रविवार शाम सीताकुंड धाम पर आदि गंगा मां गोमती की महाआरती का आयोजन भी किया जाएगा।
स्वच्छता अभियान में प्रदेश अध्यक्ष मदन सिंह, प्रबंधक राजेंद्र शर्मा, रमेश माहेश्वरी, सेनजीत कसौधन दाऊ, मुन्ना सोनी, राजेश पाठक, दिनकर सिंह, राकेश सिंह दद्दू, अजय प्रताप सिंह, आलोक तिवारी, विकास शर्मा, युवा मंडल अध्यक्ष अजय वर्मा, आभास, अभय सोनी, अर्जुन यादव, अशोक कुमार और अभय मिश्रा सहित समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।




