प्रेम और समर्पण का संदेश देती है
श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की कथा मंगलगीतों और पुष्पवर्षा के बीच सजी विवाह की मनोहारी झांकी
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद
सुल्तानपुर के जयसिंहपुर मे चल रहा श्रीमद्भागवत कथा वही भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाह प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा व्यास आचार्य राजेश ठाकुर जी महाराज (श्रीधाम अयोध्या) ने भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं का वर्णन करते हुए रुक्मिणी विवाह की कथा सुनाई। उन्होंने बताया कि विदर्भराज भीष्मक की पुत्री रुक्मिणी भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य और पति मान चुकी थीं, लेकिन उनके भाई रुक्मी ने उनका विवाह शिशुपाल से तय कर दिया था।
कथा व्यास ने बताया कि जब रुक्मिणी को अपनी इच्छा के विरुद्ध विवाह की जानकारी हुई तो उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के पास संदेश भेजकर उनसे रक्षा की प्रार्थना की। भक्त की पुकार सुनकर भगवान श्रीकृष्ण विदर्भ पहुंचे और रुक्मिणी को अपने साथ ले जाकर उनसे विवाह किया। यह प्रसंग भगवान के प्रति अटूट विश्वास, प्रेम, समर्पण और अनन्य भक्ति का अनुपम उदाहरण है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की अन्य लीलाओं और उनके वैवाहिक जीवन का भी विस्तार से वर्णन किया।
कथा के दौरान श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह की मनोहारी झांकी सजाई गई। मंगलगीतों और भजनों से पूरा कथा पंडाल भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर भगवान श्रीकृष्ण और माता रुक्मिणी के विवाहोत्सव की खुशियां मनाईं। आचार्य राजेश ठाकुर महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन प्रेम, धर्म, मर्यादा और भक्तों के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरणा देता है। उनके आदर्शों को आत्मसात कर मनुष्य अपने जीवन को सार्थक बना सकता है।
श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जयसिंहपुर अध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह के निज आवास पर किया जा रहा है। इस अवसर पर विजय सिंह, रणवीर सिंह, अवनीश त्रिपाठी, मनोज मौर्य, संतोष सिंह प्रतापगढ़ी, सनतकुमार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।




