मचा हड़कंप स्विफ्ट डिजायर की जोरदार भिड़ंत से ऑटो के उड़े परखच्चे
सुरेश नगर चौराहे से 500 मीटर आगे हुई दुर्घटना, गनीमत रही कि कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
हलियापुर-सुल्तानपुर मार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। सुरेश नगर चौराहे से करीब 500 मीटर हलियापुर की ओर एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, दुर्घटना बुधवार सुबह करीब पांच बजे हुई। कार और ऑटो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। क्षतिग्रस्त ऑटो को देखकर हादसे की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता था।
राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में किसी के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, हादसे के बाद दोनों वाहनों में सवार लोगों की स्थिति और दुर्घटना के वास्तविक कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आ सकी।
लगातार हो रहे सड़क हादसों ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और यातायात नियमों के पालन की जरूरत को उजागर किया है।




