जदयू ने राज्यपाल को भेजा पांच सूत्रीय मांगपत्र
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
जनता दल (यूनाइटेड) उत्तर प्रदेश के प्रबुद्ध प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश उपाध्याय ने जनहित से जुड़े पांच प्रमुख मुद्दों को लेकर राज्यपाल को संबोधित मांगपत्र जिलाधिकारी के माध्यम से प्रशासनिक अधिकारी को सौंपा। मांगपत्र में परियोजना निदेशक के खिलाफ हुई कार्रवाई, कर्मचारियों के कथित सिंडिकेट, जनशिकायतों के निस्तारण, शहर में अतिक्रमण और सड़क दुर्घटनाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया।एलआइयू/इंस्पेक्टर की देखरेख में कलेक्ट्रेट में प्रशासनिक अधिकारी कमल श्रीवास्तव को मांगपत्र सौंपा गया। इस दौरान जदयू जिलाध्यक्ष संतोष पाठक समेत पार्टी के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। परियोजना निदेशक पर कार्रवाई को बताया एकतरफा, कर्मचारियों की जांच की मांग।
ओम प्रकाश उपाध्याय ने आरोप लगाया कि एक ही पटल और विभाग में वर्षों से जमे कर्मचारियों के कथित प्रभाव और मनमाने व्यवहार के खिलाफ आवाज उठाने वाले परियोजना निदेशक के विरुद्ध एकतरफा कार्रवाई की गई। उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों पर अनियमितता या भ्रष्टाचार के आरोप हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। साथ ही आय से अधिक संपत्ति के मामलों की भी जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई।उन्होंने पूर्व में मुख्य विकास अधिकारी रहे एक वरिष्ठ पीसीएस अधिकारी के साथ हुई कथित घटना का भी उल्लेख किया। उनका कहना था कि विकास भवन में अधिकारियों पर कर्मचारियों के दबाव की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए और किसी भी अधिकारी के विरुद्ध कार्रवाई से पहले सभी पक्षों की निष्पक्ष जांच जरूरी है।अतिक्रमण हटाने और सड़क हादसों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग मांगपत्र में आम जनता की शिकायतों के समयबद्ध निस्तारण की मांग करते हुए कहा गया कि केवल कागजी कार्रवाई के बजाय शिकायतों का धरातल पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। शहर के दीवानी चौराहा, चौक, घंटाघर और सब्जी मंडी सहित प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराने की मांग की गई।इसके अलावा सड़कों और राजमार्गों पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की गई। जदयू नेता ने कहा कि सड़क हादसों में लोगों की जान जा रही है और कई लोग घायल हो रहे हैं। ऐसे में दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर सुरक्षा उपाय लागू किए जाने चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्यपाल की संवेदनशीलता और सक्रियता से इन समस्याओं का उचित समाधान कराया जाएगा।




