एसपी ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
शोभायात्रा के मार्ग और संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण
निर्धारित मानक के अनुरूप होगा डीजे संचालन
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
दोस्तपुर मे गणपति प्रतिमा विसर्जन और शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार जायसवाल ने दोस्तपुर कस्बे में पहुंचकर सुरक्षा तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गणपति विसर्जन स्थल समेत शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग और प्रमुख संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।एसपी ने गौसिया मस्जिद, पुरानी सब्जी मंडी, पाण्डेय टोला और घंटाघर सहित विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था देखी। इस दौरान उन्होंने शोभायात्रा के दौरान संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था और पुलिस बल की तैनाती के संबंध में जानकारी ली। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने तथा शोभायात्रा के दौरान भीड़ का व्यवस्थित प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।पुलिस अधीक्षक ने कहा कि श्रद्धालुओं और आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके लिए निर्धारित मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और किसी भी स्थिति में अव्यवस्था उत्पन्न न होने देने के निर्देश दिए गए। उन्होंने गणपति विसर्जन आयोजकों से भी वार्ता कर निर्धारित मार्ग और प्रशासन की ओर से तय नियमों का पालन करने की अपील की।विसर्जन स्थल पर साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने के साथ श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। एसपी ने डीजे संचालन को निर्धारित मानकों और अनुमन्य ध्वनि स्तर के अनुरूप रखने को कहा। उन्होंने पुलिस अधिकारियों को शोभायात्रा और विसर्जन के दौरान सतर्क निगरानी रखने तथा किसी भी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति से तत्काल निपटने के निर्देश दिए।गणपति विसर्जन को लेकर दोस्तपुर में पुलिस-प्रशासन की तैयारियां तेज हैं। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर पुलिस टीमों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।




