सरकारी नौकरी का खुला नया द्वार पीएम मोदी ने कहा- पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया से युवाओं कोसमयबद्ध मिल रहे अवसर
20वें रोजगार मेले के साथ 12.75 लाख युवाओं तक पहुंचा नियुक्तियों का आंकड़ा
नई दिल्ली/ Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए शनिवार का दिन महत्वपूर्ण रहा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने
20वें राष्ट्रीय रोजगार मेले के तहत देशभर में विभिन्न सरकारी संगठनों और विभागों में नवनियुक्त 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए।
प्रधानमंत्री ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नवनियुक्त युवाओं को शुभकामनाएं दीं और उन्हें राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाने का आह्वान किया।
देशभर में 45 स्थानों पर आयोजित रोजगार मेले के माध्यम से चयनित युवाओं को केंद्र सरकार के विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नियुक्ति मिली है।
इनमें राजस्व विभाग, रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग और रक्षा मंत्रालय समेत कई विभाग शामिल हैं।
भर्ती प्रक्रिया में तकनीक और पारदर्शिता पर जोर
रोजगार मेले के जरिए सरकार ने सरकारी भर्तियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
भर्ती प्रक्रिया में निर्धारित चयन एजेंसियों और स्थापित भर्ती तंत्र के माध्यम से नियुक्तियां की जा रही हैं। सरकार के अनुसार तकनीक आधारित व्यवस्था से भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने पर जोर है।
रोजगार मेलों से 12.75 लाख नियुक्ति पत्र
20वें रोजगार मेले के साथ ही विभिन्न रोजगार मेलों के माध्यम से सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्ति पाने वाले युवाओं की कुल संख्या करीब 12.75 लाख पहुंच गई है।
रोजगार मेला अभियान की शुरुआत अक्टूबर 2022 में सरकारी पदों पर भर्ती प्रक्रिया को तेज करने के उद्देश्य से की गई थी। सरकार के मुताबिक यह पहल युवाओं को सरकारी सेवा से जोड़ने के साथ उन्हें देश के विकास में भागीदारी का अवसर उपलब्ध कराने पर केंद्रित है।




