10 जनपथ में राहुल गांधी से होगी सुनील सिंह की मुलाकात, 2027 की सियासत पर भी नजर
इंडिया गठबंधन में समन्वय और किसान-ग्रामीण मुद्दों पर होगी चर्चा, 2027 की सियासत के बीच बढ़ी मुलाकात की अहमियत
नई दिल्ली/लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
नई दिल्ली/लखनऊ। इंडिया गठबंधन में शामिल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह मंगलवार को नई दिल्ली स्थित 10 जनपथ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच आगामी राजनीतिक परिस्थितियों, किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों से जुड़े मुद्दों के साथ ही विपक्षी दलों के बीच समन्वय को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
लोकदल की ओर से बताया गया है कि मुलाकात में किसान, मजदूर, बेरोजगार युवा, ग्रामीण विकास और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया जाएगा। इसके साथ ही उत्तर प्रदेश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल को लेकर भी विचार-विमर्श होगा।
यह मुलाकात ऐसे समय हो रही है, जब उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों की गतिविधियां तेज हो गई हैं। हाल में चौधरी सुनील सिंह ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी मुलाकात की थी। उस दौरान गठबंधन, किसान और ग्रामीण मुद्दों तथा आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर चर्चा सामने आई थी। लोकदल ने स्वयं को इंडिया गठबंधन का घटक बताते हुए विपक्षी दलों के बीच समन्वय पर जोर दिया है।
राहुल गांधी के साथ होने वाली बैठक को इसी व्यापक राजनीतिक कवायद के संदर्भ में देखा जा रहा है। हालांकि, मुलाकात के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर सहमति बनती है और आगे की राजनीतिक रणनीति को लेकर क्या दिशा तय होती है। विपक्षी खेमे में अलग-अलग दलों के बीच संवाद के दौर के बीच सुनील सिंह की यह मुलाकात राजनीतिक रूप से चर्चा का विषय बनी हुई है।




