आर्थिक रूप से कमजोर प्रतिभाशाली बच्चों को हर साल मिलती है छह हजार रुपये की मदद
प्राण फाउंडेशन ने बीएनएस डिग्री कॉलेज में आयोजित किया छात्रवृत्ति वितरण समारोह
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
अयोध्या मे आर्थिक रूप से कमजोर मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्राण फाउंडेशन की ओर से सारथी छात्रवृत्ति वितरण समारोह का आयोजन बीएनएस डिग्री कॉलेज, जनौरा के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में 134 चयनित छात्र-छात्राओं को छात्रवृत्ति के चेक वितरित किए गए। छात्रवृत्ति पाकर विद्यार्थियों के चेहरे खिल उठे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वित्त एवं लेखा अधिकारी वीरेश वर्मा रहे। विशिष्ट अतिथियों में बड़ौदा यूपी ग्रामीण बैंक के सहायक प्रबंधक अभिषेक त्रिपाठी, शिव नारायण बालिका इंटर कॉलेज के प्रबंधक दीपक सिंह, राज करण इंटर कॉलेज अयोध्या के प्रधानाचार्य शिव कुमार मिश्रा और भाजपा नेता रवि तिवारी शामिल रहे। संस्था की निदेशक उर्मिला पांडेय ने चयनित विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के चेक प्रदान किए।
इस मौके पर बताया गया कि प्राण फाउंडेशन की ओर से प्रतिवर्ष कक्षा नौ से 12 तक में पढ़ने वाले आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन मेधावी विद्यार्थियों को उनकी आगे की पढ़ाई में सहयोग के लिए छह हजार रुपये की वार्षिक छात्रवृत्ति दी जाती है। संस्था का उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण किसी भी प्रतिभाशाली विद्यार्थी की शिक्षा बाधित न होने देना है।
कार्यक्रम का संचालन वंदना तिवारी ने किया। समारोह में बेसिक शिक्षा विभाग के शिक्षक, अभिभावक और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। अंत में संस्था की ओर से सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।




