चित्रकला के प्रति बच्चों में रुचि जगाने की पहल, सामग्री पाकर खिले नौनिहालों के चेहरे
शिक्षा के साथ रचनात्मक प्रतिभा को निखारना भी जरूरी : डॉ. चन्द्रपाल राजभर
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
कादीपुर मे बाल दिवस के अवसर पर बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्राथमिक विद्यालय रानीपुर कायस्थ, कादीपुर में विशेष पहल की गई। पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के उपलक्ष्य में विद्यालय के सहायक अध्यापक एवं अंतरराष्ट्रीय चित्रकार डॉ. चन्द्रपाल राजभर ने बच्चों को निःशुल्क चित्रकला सामग्री वितरित की। सामग्री पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य बच्चों में चित्रकला के प्रति रुचि विकसित करना और उनकी छिपी हुई कलात्मक प्रतिभा को सामने लाना है। डॉ. राजभर ने कहा कि प्रत्येक बच्चे के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उसे पहचानने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ने के लिए उचित अवसर उपलब्ध कराने की।
चित्रकला केवल रंगों का संयोजन नहीं, बल्कि बच्चों की कल्पनाओं, भावनाओं और विचारों को अभिव्यक्त करने का प्रभावी माध्यम है।
उल्लेखनीय है कि डॉ. चन्द्रपाल राजभर अंतरराष्ट्रीय चित्रकार होने के साथ लेखक भी हैं। वह शिक्षा के साथ कला के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। बच्चों को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने और उनकी कलात्मक क्षमता विकसित करने के लिए वह समय-समय पर निःशुल्क चित्रकला सामग्री वितरण जैसे कार्यक्रम आयोजित करते रहते हैं।
बाल दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से उन्होंने संदेश दिया कि बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ अपनी रुचि और प्रतिभा को पहचानने तथा उसे निखारने के अवसर भी मिलने चाहिए।




