आत्मनिर्भर पंचायतों पर जोर
गांवों में डिजिटल लाइब्रेरी और डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन से बदल रही तस्वीर
रोजगार सृजन पर डीएम ने दिया बल
निवर्तमान प्रधानों ने योजनाओं के क्रियान्वयन का रखा ब्योरा, अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाने का दावा
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
शासन के निर्देश पर सेवा संकल्प अभियान के तहत शनिवार को कलेक्ट्रेट परिसर स्थित नवीन सभागार में सुशासन सेवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें निवर्तमान ग्राम प्रधानों और ब्लॉक प्रमुखों ने गांवों में संचालित विकास कार्यों तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां गिनाईं। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने पंचायत प्रतिनिधियों से विकास कार्यों को और बेहतर बनाने के साथ ही गांवों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में पहल करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी के साथ जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह, मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह, दूबेपुर, कूरेभार, मोतिगरपुर और भदैया के निवर्तमान ब्लॉक प्रमुख/प्रशासक तथा निवर्तमान ग्राम प्रधान/प्रशासक मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने भाजपा जिलाध्यक्ष को पौधा भेंटकर स्वागत किया।
ग्राम सचिवालय और डिजिटल लाइब्रेरी से ग्रामीणों को मिल रहा लाभ
संवाद के दौरान निवर्तमान ग्राम प्रधानों ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से लोगों तक पहुंच रहा है। ग्राम सचिवालय के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की सुविधाएं गांव में ही उपलब्ध हो रही हैं। ग्राम पंचायतों में स्थापित डिजिटल लाइब्रेरी से छात्र-छात्राओं को निश्शुल्क पढ़ाई करने का अवसर मिल रहा है। वहीं, स्वच्छ भारत मिशन के तहत रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) की स्थापना और घर-घर कूड़ा संग्रहण की व्यवस्था से गांवों की साफ-सफाई में सुधार हुआ है।

निवर्तमान ब्लॉक प्रमुखों ने बताया कि कायाकल्प योजना के तहत परिषदीय विद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं विकसित की गई हैं। इससे बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध हो रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी विभिन्न योजनाओं के माध्यम से उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं।
स्वयं सहायता समूहों से रोजगार बढ़ाने की अपील
जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने ग्राम पंचायतों में स्वच्छता और डिजिटल लाइब्रेरी के कार्यों की सराहना करते हुए पंचायत प्रतिनिधियों से विकास के नए मानक स्थापित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों में ऐसे उत्कृष्ट कार्य कराए जाएं, जिससे उन्हें प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।
उन्होंने स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ाने, सोलर पैनल लगवाने तथा स्थानीय स्तर पर विभिन्न खाद्य पदार्थों का उत्पादन कर दूसरे जनपदों में आपूर्ति करने पर जोर दिया। कहा कि इन प्रयासों से स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के साथ पंचायतों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में मदद मिलेगी और स्वयं के राजस्व स्रोत (ओएसआर) भी विकसित हो सकेंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील त्रिपाठी ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और सड़क संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्य करा रही है। उन्होंने दावा किया कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।




