व्रतियों ने कद्दू की सब्जी, चना दाल और चावल बनाकर ग्रहण किया प्रसाद
मैनुद्दीन आलम | करगहर (रोहतास) Etv News 24
करगहर। सूर्य उपासना का महापर्व छठ शुरू होते ही पूरा क्षेत्र छठ गीतों से भक्तिमय हो गया है। हर घर और गली-मोहल्ले में छठ के पारंपरिक गीत गूंज रहे हैं। चार दिवसीय इस महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। नहाय-खाय के साथ शुरू हुए लोक आस्था के इस महापर्व का दूसरा दिन शनिवार को खरना के साथ संपन्न हो गया।

खरना के अवसर पर व्रती महिलाओं ने पवित्र स्नान कर पूरी श्रद्धा और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इसके बाद मिट्टी के चूल्हे पर गुड़ की खीर, चना दाल, कद्दू की सब्जी और चावल तैयार किया। भगवान सूर्यदेव को भोग लगाने के बाद व्रतियों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान परिजनों और पड़ोसियों ने भी प्रसाद तैयार करने में सहयोग किया।
आज संध्याकालीन अर्घ्य, कल सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य
छठ महापर्व के तीसरे दिन रविवार की शाम व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।
पूजा समितियों की ओर से निकाली जाएंगी आकर्षक झांकियां
छठ पूजा को लेकर स्थानीय पूजा समितियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। मां सत्यचंडी छठ सरोवर समिति एवं उल्का यूथ क्लब के सदस्यों द्वारा छठ घाटों पर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, जगह-जगह तोरणद्वार और रंग-बिरंगी लाइटों की व्यवस्था की जा रही है।
करगहर थाना मोड़ से लेकर शिव मंदिर परिसर तक आकर्षक रोशनी की व्यवस्था की गई है। वहीं नहर में भी पूजा समितियों की ओर से बैरिकेडिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। दोनों समितियों द्वारा आकर्षक सजावट और झांकियों की तैयारी भी की जा रही है।

पूजा सामग्री की खरीदारी को लेकर बाजार में उमड़ी भीड़
छठ पर्व को लेकर बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। दूर-दराज के गांवों से आए व्रतियों और श्रद्धालुओं ने गन्ना, सूप, फल-फूल और अन्य पूजा सामग्री की जमकर खरीदारी की। बाजार में सुबह से ही चहल-पहल बनी रही।




