लखनऊ में कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद काफिले के साथ पहुंचे उन्नाव, कार्यकर्ताओं ने किया स्वागत
2027 विधानसभा चुनाव से पहले उन्नाव की सियासत में बढ़ी हलचल, कांग्रेस से टिकट की दावेदारी पर टिकी निगाहें
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ के उन्नाव में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक दलों में नेताओं के आने-जाने का सिलसिला तेज होने लगा है। इसी क्रम में उन्नाव की राजनीति में नई हलचल देखने को मिली है। भाजपा से इस्तीफा देने के बाद कैप्टन राहुल तिवारी ने कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्होंने लखनऊ स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की।
कांग्रेस में शामिल होने के बाद कैप्टन राहुल तिवारी गाड़ियों के काफिले के साथ उन्नाव पहुंचे। यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव में उन्नाव सदर सीट से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ने की दावेदारी भी पेश की।
राहुल तिवारी के कांग्रेस में शामिल होने और सदर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताने के बाद जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं शुरू हो गई हैं। अब सबकी निगाहें कांग्रेस संगठन के फैसले पर टिकी हैं कि पार्टी उन्हें चुनावी मैदान में उतारती है या किसी अन्य दावेदार पर भरोसा जताती है।
2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए उन्नाव में भाजपा और कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। ऐसे में नेताओं का दल बदलना और टिकट की दावेदारी पेश करना चुनाव से पहले बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत दे रहा है।




