परिवार में मचा कोहराम रामपुर बावली फीडर पर तैनात था कर्मचारी
लाइन जोड़ते समय हुआ हादसा करंट से गंभीर रूप से झुलसा लाइनमैन, ट्रामा सेंटर में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
जनपद प्रतापगढ़ के लालगंज क्षेत्र में हाईटेंशन विद्युत लाइन जोड़ते समय करंट की चपेट में आने से एक लाइनमैन की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मृतक लालगंज उपखंड के रामपुर बावली फीडर पर तैनात था।
जानकारी के अनुसार, लाइनमैन हाईटेंशन विद्युत लाइन जोड़ने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक विद्युत प्रवाह शुरू हो गया और वह करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में उसे लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचाया।
वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
लाइनमैन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई। हादसे के बाद विद्युत विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।




