दुकान जाते समय हुआ हादसा, सीएचसी पहुंचने पर चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
सीसीटीवी फुटेज के जरिए टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
अखण्डनगर थाना क्षेत्र के अलाउद्दीनपुर निवासी टेंट व्यवसायी लालजी यादव की शनिवार शाम सड़क हादसे में मौत हो गई। वह घर से बाइक से अखण्डनगर बाजार स्थित अपनी दुकान पर जा रहे थे। इसी दौरान बजरंग चौक के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अखण्डनगर पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक डॉ. शशांक शुक्ला ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धीरेन्द्र कुमार वर्मा ने पुलिस टीम को मौके पर भेजकर जांच शुरू कराई।
पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद टक्कर मारकर फरार हुए वाहन की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। टेंट व्यवसायी की असामयिक मौत की खबर से अखण्डनगर बाजार में शोक की लहर दौड़ गई।




