इंदिरानगर पुलिस ने खुर्रमनगर की झुग्गी-झोपड़ी के पास से दबोचा, छह आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था पिटाई का वीडियो, पति की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
इंदिरानगर क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में एक महिला को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सोमवार को सातवें आरोपी कमालुद्दीन को खुर्रमनगर स्थित झुग्गी-झोपड़ी के पास से दबोच लिया। इस मामले में पुलिस पहले ही छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जानकारी के अनुसार, इंदिरानगर क्षेत्र में बच्चा चोरी के शक में कुछ लोगों ने एक महिला को बंधक बना लिया था। इसके बाद उसके साथ मारपीट की गई थी। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सुर्खियों में आया था। महिला के पति की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी।
इंदिरानगर पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी कमालुद्दीन मूल रूप से असम के बरपेटा जिले का निवासी है और वर्तमान में इंदिरानगर के सुग्गामऊ इलाके में रह रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने उसे खुर्रमनगर की झुग्गी-झोपड़ी के पास से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।




