CCTV फुटेज से खुल सकती है घटना की असलियत
शुरुआती मीडिया अपडेट और प्रत्यक्षदर्शियों के दावों के बीच जांच की मांग
नाका थाने के कथित वीडियो और पुराने विवाद की भी हो निष्पक्ष जांच, पत्रकार संगठनों ने अधिकारियों को सौंपा ज्ञापन
लखनऊ उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
नाका थाना क्षेत्र में पत्रकार तारिक खान पर हुए चाकू से हमले का मामला अब पुलिस के शुरुआती मीडिया अपडेट को लेकर भी सवालों में घिरता नजर आ रहा है। 12 नवंबर की रात करीब 8:30 बजे होटल दीप अवध के पास हुई इस घटना में एक ओर पत्रकार पर जानलेवा हमले का मामला दर्ज है, वहीं दूसरी ओर पुलिस की ओर से जारी शुरुआती घटनाक्रम और घटना से जुड़े कुछ कथित वीडियो को लेकर निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
लखनऊ कमिश्नरेट के प्रिंट मीडिया सेल की ओर से घटना के करीब डेढ़ से दो घंटे बाद जारी शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि पैसों के लेन-देन को लेकर राजकुमार उर्फ लल्लन और पत्रकार संतोष शर्मा के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि नशे की हालत में राजकुमार ने संतोष शर्मा की गाड़ी में टक्कर मारी और चाकू से हमला करने का प्रयास किया। इसी दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पत्रकार तारिक खान के पेट के ऊपरी हिस्से में चाकू लग गया।
हालांकि, इस घटनाक्रम को लेकर अब सवाल उठ रहे हैं कि शुरुआती मीडिया अपडेट जारी करने से पहले पुलिस ने घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर तथ्यों का सत्यापन किया था या नहीं। मामले में सीसीटीवी फुटेज को महत्वपूर्ण साक्ष्य माना जा रहा है। मांग की जा रही है कि घटनास्थल और आसपास लगे कैमरों की रिकॉर्डिंग सार्वजनिक जांच के दायरे में लाकर शुरुआती पुलिस विवरण से उसका मिलान कराया जाए।
थाने के कथित वीडियो और पुराने विवाद की जांच की मांग
मामले में नाका थाने के अंदर का एक कथित वीडियो भी चर्चा में है। बताया जा रहा है कि घायल पत्रकार तारिक खान स्वयं आरोपी राजकुमार उर्फ लल्लन को पकड़कर थाने लेकर पहुंचे थे। आरोप है कि थाने के अंदर आरोपी ने कथित तौर पर उस व्यक्ति का नाम लेकर चिल्लाया, जिसे वह निशाना बनाना चाहता था। यदि वीडियो और उसमें दर्ज बातचीत की पुष्टि होती है तो यह जांच के लिए महत्वपूर्ण साक्ष्य हो सकता है। ऐसे में पुलिस से इसकी प्रमाणिकता की जांच कराने की मांग की जा रही है।
वहीं, घटना के पीछे पुराने विवाद की आशंका भी जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक, करीब दो सप्ताह पहले पत्रकार संतोष शर्मा को राजेंद्र नगर क्षेत्र में कथित सट्टा कारोबार से संबंधित एक वीडियो मिला था। बताया जाता है कि वीडियो स्थानीय पुलिस को कार्रवाई के लिए दिया गया था। बाद में दूसरा वीडियो मिलने पर पत्रकार की ओर से खबर प्रकाशित कर कथित गतिविधियों को उजागर किया गया। दावा है कि इसके बाद संबंधित दुकान कुछ समय के लिए बंद हुई, लेकिन बाद में गतिविधियां दोबारा शुरू होने की सूचना मिली।
यह भी आरोप है कि खबर प्रकाशित होने से पहले संबंधित थाना प्रभारी से शिकायत की गई थी और चौकी स्तर पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। कार्रवाई के बाद कथित कारोबार से जुड़े लोगों की ओर से सिफारिश और बातचीत के प्रयास किए जाने की चर्चा भी सामने आई है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि होना अभी बाकी है। ऐसे में पुलिस जांच में यह स्पष्ट होना जरूरी है कि 12 नवंबर की घटना का पुराने विवाद से कोई संबंध था या नहीं।
वरिष्ठ अधिकारियों से उठे पांच अहम सवाल, निष्पक्ष जांच की मांग
फिलहाल संतोष शर्मा की ओर से दिए गए लिखित प्रार्थना पत्र के आधार पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है और आरोपी राजकुमार उर्फ लल्लन को जेल भेजा जा चुका है।
इसके बावजूद घटना के सभी पहलुओं की जांच की मांग जारी है। सवाल यह है कि क्या घटनास्थल के सभी सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर उनकी जांच की गई? क्या थाने के अंदर के कथित वीडियो को भी विवेचना में शामिल किया गया? क्या आरोपी और घायल पत्रकारों के बयानों का मिलान किया गया? क्या पुराने विवाद की भी जांच हुई? और क्या शुरुआती मीडिया अपडेट जारी करने से पहले पुलिस ने घटनाक्रम का स्वतंत्र सत्यापन किया था?
उत्तर प्रदेश के विभिन्न पत्रकार संगठनों के वरिष्ठ पदाधिकारी भी निष्पक्ष जांच और नाका थाना क्षेत्र में कथित अवैध गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की मांग को लेकर अधिकारियों को ज्ञापन सौंप चुके हैं।
पत्रकार पर हमले के मामले में आरोपी के जेल जाने के बाद भी घटनाक्रम से जुड़े सवालों का पूरी तरह समाधान होना बाकी है। पत्रकार संगठनों की मांग है कि सीसीटीवी फुटेज, थाने के कथित वीडियो, प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और पुराने विवाद सहित सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच कराई जाए। यदि शुरुआती पुलिस जानकारी में कोई तथ्यात्मक चूक सामने आती है तो उसकी जिम्मेदारी भी तय होनी चाहिए। अब निगाहें पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज से सामने आने वाले तथ्यों पर टिकी हैं।




