मोदी-शाह युवाओं की ताकत से डरे हुए हैं, लोकतंत्र और मताधिकार की रक्षा के लिए उठ रही आवाज : लोकदल अध्यक्ष
युवाओं की आवाज दबा नहीं सकती सरकार, मुख्य निर्वाचन आयुक्त के इस्तीफे की मांग उठाई
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
राजधानी लखनऊ लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी चौधरी सुनील सिंह ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग उठाते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार अभी युवाओं की ताकत को पहचान नहीं पाई है। युवा शक्ति ही देश का भविष्य तय करती है और लोकतंत्र में उसकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
चौधरी सुनील सिंह ने कहा कि सरकार कितनी भी किलेबंदी कर ले, युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। युवा आज लोकतंत्र और अपने मताधिकार की रक्षा के लिए आवाज उठा रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि युवाओं में बढ़ती जागरूकता से सरकार घबराई हुई है। उनके मुताबिक, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह युवाओं की ताकत से डरे हुए हैं।
लोकदल अध्यक्ष ने कहा कि जिस तरह पूर्व में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर सवाल उठे थे, उसी तरह अब मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनता की आवाज और मताधिकार की निष्पक्षता सर्वोपरि होनी चाहिए। चौधरी सुनील सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना होगा।
उन्होंने युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि किसी भी सरकार के लिए जनभावनाओं की अनदेखी करना उचित नहीं है। युवाओं की आवाज को दबाने के बजाय उनकी चिंताओं का जवाब दिया जाना चाहिए।




