557वें प्रकाश पर्व पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए मुख्यमंत्री, सिख गुरुजनों के त्याग और बलिदान को किया नमन
बोले—सिख गुरुओं के प्रति श्रद्धा और सम्मान बनाए रखेगा भारत तो कोई ताकत बाल-बांका नहीं कर पाएगी
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सिख पंथ के संस्थापक एवं प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी महाराज के 557वें पावन प्रकाश पर्व के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरु नानक देव जी के आदर्शों और सिख गुरुजनों के त्याग एवं बलिदान को नमन करते हुए लोगों से उनकी शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हम सभी का दायित्व है कि सिख गुरुजनों की पवित्र शिक्षाओं को अपने आचरण में उतारें और उनके त्याग, तपस्या एवं योगदान से नई पीढ़ी को निरंतर परिचित कराते रहें। गुरु नानक देव जी ने संपूर्ण मानवता को ‘एक ओंकार’ का संदेश देकर सामाजिक समरसता, समानता और मानव कल्याण का मार्ग दिखाया।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सच्ची आध्यात्मिकता वही है, जो अन्याय और अत्याचार के सामने मजबूती से खड़ी हो सके। सिख गुरुजनों का इतिहास त्याग, साहस और बलिदान की ऐसी ही प्रेरणादायी मिसालों से भरा हुआ है। उन्होंने धर्म, मानवता और समाज की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत जब तक सिख गुरुजनों के प्रति श्रद्धा और सम्मान का भाव बनाए रखेगा, तब तक दुनिया की कोई ताकत देश का बाल-बांका नहीं कर पाएगी। गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानवता के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देती हैं।




