कृष्ण जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण और शाही ईदगाह हटाने की मांग
सरकार से न्यायालय में प्रभावी पैरवी की मांग
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद को लेकर योगी सेना (भारत) ने बुधवार को हजरतगंज स्थित अटल चौक पर प्रदर्शन किया। संगठन ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि पर भव्य मंदिर निर्माण और शाही ईदगाह मस्जिद को हटाने की मांग करते हुए आगामी छह दिसंबर को मथुरा में कारसेवा करने की घोषणा की।
दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से अटल चौक स्थित गांधी प्रतिमा पार्क तक पहुंचे कार्यकर्ताओं ने सभा भी की। संगठन के राष्ट्रीय प्रमुख गौरव वर्मा ने कहा कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद का मामला इलाहाबाद हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने केंद्र और प्रदेश सरकार से मामले में प्रभावी पैरवी करने की मांग की।
वर्मा ने कहा कि संगठन मंदिर-मस्जिद से जुड़े विवादों को न्यायिक प्रक्रिया के माध्यम से उठाने की बात करता रहा है। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज लंबे समय तक प्रतीक्षा नहीं करेगा और मंदिरों से जुड़े मामलों में न्यायिक लड़ाई जारी रखी जाएगी।
संगठन के संरक्षक बाबा महादेव ने कहा कि मठ-मंदिरों से जुड़े पुराने विवादों को लेकर संगठन आगे भी आवाज उठाएगा। उन्होंने छह दिसंबर 2026 को मथुरा में कारसेवा की घोषणा की।
गौरतलब है कि श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद से जुड़े मुकदमे विभिन्न न्यायिक स्तरों पर लंबित हैं। इलाहाबाद हाईकोर्ट में संबंधित वाद की सुनवाई 13 अक्टूबर के लिए टली है, जबकि सुप्रीम कोर्ट में भी इस विवाद से जुड़ी याचिकाओं पर सुनवाई जारी है।
प्रदर्शन में राष्ट्रीय सचिव सूरज साहू, महासचिव ज्योति वर्मा, प्रदेश प्रभारी सत्यम पांडे, एडवोकेट प्रमोद मिश्रा, प्रदेश मंत्री विशाल तिवारी, महेश, पवन, विनीत मिश्रा, रोहित राजपूत, उमेश बाबू, मनीष जायसवाल, मोनू सोढ़ी, चंदन सिंह, युवराज सिंह, लवकुश गोस्वामी, पुनीत वर्मा, धर्मेश चौहान, मुकेश सहित संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।




