पुल की रेलिंग टूटने से अनियंत्रित हुई स्कूटी, 200 मीटर दूर मिला शव
छुट्टी के बाद स्कूल से घर लौट रही थी अंशू, देर तक नहीं पहुंची तो परिजनों ने शुरू की तलाश
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
धनपतगंज थाना क्षेत्र के सेवकरी गांव निवासी करीब 21 वर्षीय शिक्षिका अंशू पुत्री रामचंद्र कोरी की गुरुवार को नहर में डूबने से मौत हो गई। वह हरौरा कस्बा स्थित स्कूल से छुट्टी के बाद स्कूटी से घर लौट रही थी। पूरे कुलफतपुरवा के पास नहर पुल की टूटी रेलिंग के कारण स्कूटी अनियंत्रित हो गई और वह नहर में जा गिरी।

अंशू के देर तक घर नहीं पहुंचने पर स्वजन ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान नहर में स्कूटी पड़ी होने की सूचना मिली। घटनास्थल के पास शिक्षिका का मोबाइल भी बरामद हुआ। सूचना पर धनपतगंज पुलिस मौके पर पहुंची और मायंग से गोताखोर बुलाकर नहर में खोजबीन शुरू कराई।
काफी प्रयास के बाद घटनास्थल से करीब 200 मीटर दूर अंशू का शव बरामद किया गया। मौके पर पहुंचे उसके भाई अजीत और ग्रामीणों ने शव की पहचान की। हादसे की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
थाना प्रभारी अंजू मिश्रा ने बताया कि नहर पुल की रेलिंग टूटी हुई है। नहर में गिरने से शिक्षिका की मौत हुई है। पुलिस ने पंचनामा भरकर आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।




