सितंबर का मानदेय नहीं मिलने से आर्थिक संकट, दीपावली से पहले भुगतान की मांग
मूल विद्यालय वापसी में देरी पर शिक्षामित्रों ने जताई नाराजगी और आंदोलन की चेतावनी
डबल एओ ने बुधवार तक भुगतान का दिया आश्वासन, 28 अक्टूबर तक मांगी जाएगी उपस्थिति
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सितंबर माह का मानदेय नहीं मिलने और मूल विद्यालय वापसी की प्रक्रिया पूरी न होने से नाराज शिक्षामित्रों और अनुदेशकों ने शनिवार को विभागीय अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं उठाईं। उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षामित्र संघ और परिषदीय अनुदेशक संघ की जिला इकाई ने डबल एओ को ज्ञापन सौंपकर लंबित मानदेय का भुगतान जल्द कराने की मांग की। वहीं, मूल विद्यालय वापसी का आदेश जारी करने के लिए बीएसए को भी पत्र दिया गया।
शिक्षामित्र संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार पाण्डेय, महामंत्री पवन कुमार तथा अनुदेशक संघ के जिलाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह और महामंत्री राघवेंद्र तिवारी की ओर से 24 अक्टूबर को सौंपे गए ज्ञापन में कहा गया कि जिले के शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को सितंबर 2026 का मानदेय अब तक नहीं मिला है। इससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। संघ ने ब्लॉक से लेकर जिला स्तर तक संबंधित पटल पर लापरवाही का आरोप लगाया। साथ ही बताया कि तकनीकी कारणों से 33 अनुदेशकों का मानदेय बाधित है, जबकि प्रदेश के कई जिलों में सितंबर माह का भुगतान किया जा चुका है।
25 तारीख तक उपस्थिति लेकर समय से भुगतान की मांग
संघ ने मांग की कि शिक्षकों की तरह शिक्षामित्रों और अनुदेशकों की उपस्थिति भी प्रत्येक माह 25 तारीख तक मंगाई जाए, ताकि मानदेय का भुगतान समय से सुनिश्चित हो सके। डबल एओ ने बुधवार तक लंबित मानदेय का भुगतान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही अक्टूबर माह की उपस्थिति 28 अक्टूबर तक जिले पर मंगवाकर दीपावली से पहले मानदेय भुगतान कराने की बात कही।
मूल विद्यालय वापसी का आदेश जारी करने की मांग
उधर, शिक्षामित्र संघ ने बीएसए के नाम दिए गए पत्र में कहा कि इच्छुक शिक्षामित्रों की मूल विद्यालय वापसी की प्रक्रिया अगस्त माह से शुरू की गई थी, लेकिन अब तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है। इससे जिले के शिक्षामित्रों में निराशा और नाराजगी है। संघ ने जल्द से जल्द मूल विद्यालय वापसी का आदेश जारी करने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि समस्याओं का समाधान नहीं होने पर शिक्षामित्र बड़े आंदोलन के लिए विवश होंगे। मौके पर मौजूद रहे रामप्रसाद मिश्र, नरेंद्र भारती, हरिकेश कुमार, अभिषेक सिंह और प्रमोद कुमार दूबे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।




