सक्रिय प्रैक्टिस करने वाले सभी अधिवक्ताओं को मिलेगा योजना का लाभ
न्याय व्यवस्था की अहम कड़ी अधिवक्ताओं के स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर सरकार का बड़ा कदम
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
उत्तर प्रदेश में सक्रिय रूप से प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं के लिए बड़ी घोषणा की गई है। हाईकोर्ट से लेकर प्रदेश की सभी जिला अदालतों में प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ताओं को अब प्रति वर्ष पांच लाख रुपये तक कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस योजना का उद्देश्य अधिवक्ताओं और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुरक्षा उपलब्ध कराना है।घोषणा के अनुसार प्रदेश में सभी सक्रिय प्रैक्टिस करने वाले अधिवक्ता इस चिकित्सा बीमा योजना के दायरे में आएंगे। हाईकोर्ट और जिला न्यायालयों में नियमित रूप से न्यायिक कार्य से जुड़े अधिवक्ताओं को उपचार के दौरान कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ मिल सकेगा। इससे गंभीर बीमारी अथवा आकस्मिक स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के समय अधिवक्ताओं को आर्थिक परेशानी से राहत मिलने की उम्मीद है।अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। लंबे समय से अधिवक्ताओं की ओर से स्वास्थ्य सुरक्षा और सामाजिक कल्याण से जुड़ी सुविधाओं की मांग उठती रही है। ऐसे में पांच लाख रुपये वार्षिक कैशलेस मेडिकल इंश्योरेंस की घोषणा को अधिवक्ता समुदाय के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। योजना के लागू होने के बाद प्रदेश के विभिन्न न्यायालयों में सक्रिय अधिवक्ताओं को इसका लाभ मिलने का रास्ता साफ होगा।




