19 और 20 नवंबर को छह मंडलों में होगी परीक्षा, नकल रोकने के लिए AI कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा और व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश
लखनऊ उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
प्रदेश में 19 और 20 नवंबर को आयोजित होने वाली सहायक आचार्य परीक्षा-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्य सचिव एसपी गोयल ने परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को परीक्षा के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
परीक्षा प्रदेश के छह मंडलों में आयोजित की जाएगी। मुख्य सचिव ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी और अन्य जरूरी इंतजामों की जानकारी लेते हुए अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ काम करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
नकल और अनियमितताओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए परीक्षा की निगरानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित कंट्रोल रूम से की जाएगी। इसके माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि का समय रहते पता लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जा सके। शासन का उद्देश्य परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना है।




