देर शाम तक गुलजार रहे बाजार चौक समेत प्रमुख बाजारों में ग्राहकों की भारी भीड़
दुकानदारों के चेहरे खिले कपड़े, बर्तन, सजावटी सामान और उपहार की दुकानों पर रही रौनक
भीड़ के चलते मुख्य मार्गों पर लगा जाम, चौक में वाहन ले जाने से बचते दिखे लोग
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
दीपावली का त्योहार नजदीक आते ही शहर के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। गुरुवार दोपहर से ही खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। शहर के प्रमुख बाजारों और चौक क्षेत्र में त्योहार की तैयारियों को लेकर चहल-पहल देखने को मिली। परिवार के साथ पहुंचे लोगों ने अपनी जरूरत के सामान की जमकर खरीदारी की।

कपड़े, जूते-चप्पल, बर्तन, मिठाइयों, सजावटी सामान और उपहार की दुकानों पर ग्राहकों की भीड़ लगी रही। घरों को रोशन करने के लिए झालर, रंग-बिरंगी लाइटें, दीये और अन्य सजावटी सामान की भी खूब खरीदारी हुई। बाजार में जगह-जगह सजी अस्थायी दुकानों और फुटपाथ पर लगे ठेलों पर भी ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ नजर आई। त्योहार के चलते दुकानदारों के चेहरे भी खिले दिखाई दिए।

बाजार में बढ़ती भीड़ के कारण मुख्य मार्गों पर जाम की स्थिति बन गई। चौक क्षेत्र में पैदल चलना भी मुश्किल हो गया। भीड़ को देखते हुए लोग चौक में अपने वाहन ले जाने से बचते नजर आए और आसपास वाहन खड़ा कर पैदल ही खरीदारी करने पहुंचे। यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मी भी बाजार में मुस्तैद रहे। दीपावली की खरीदारी को लेकर शहर का बाजार पूरी तरह त्योहार के रंग में रंगा नजर आया।




