सहयोगी ही निकला साजिशकर्ता, चार किलो से अधिक चांदी के आभूषण बरामद
दिल्ली से बुलाए गए थे दो शूटर, तमंचे के बल पर व्यापारी से लूटा था आभूषणों से भरा बैग
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश
धनपतगंज थाना क्षेत्र में चांदी के आभूषणों के व्यापारी से हुई लूट की घटना का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। थाना धनपतगंज पुलिस, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने वारदात में शामिल दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे और निशानदेही पर करीब 8.50 लाख रुपये कीमत के चार किलो 262 ग्राम चांदी के आभूषण, कुछ दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल अवैध तमंचा व कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, चार नवंबर को चांदी के व्यापारी हिमाचल मिश्रा अपने सहयोगी लल्लन गिरी के साथ बल्लीपुर में दुकानों पर आभूषणों की आपूर्ति करने जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने उन्हें रोक लिया। बदमाशों ने तमंचे के बट से व्यापारी के सिर पर प्रहार कर आभूषणों से भरा बैग छीन लिया और मौके से फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर धनपतगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।

घटना के शीघ्र अनावरण के लिए एसओजी, सर्विलांस और थाना पुलिस की पांच टीमें गठित की गईं। सीओ बल्दीराय के नेतृत्व में टीमों ने जांच और सुरागकशी करते हुए 24 घंटे के भीतर लूटकांड का खुलासा कर दिया। पुलिस ने व्यापारी के सहयोगी लल्लन गिरी और उसी गांव के राधेश्याम वर्मा को गिरफ्तार किया।
सहयोगी ने ही रची थी लूट की साजिश
पूछताछ में सामने आया कि व्यापारी का सहयोगी लल्लन गिरी कई दिनों से लूट की योजना बना रहा था। उसने अपने गांव के साथी राधेश्याम वर्मा को भी साजिश में शामिल किया। पुलिस के अनुसार, राधेश्याम ने दिल्ली के अपने दो परिचितों को वारदात को अंजाम देने के लिए सुल्तानपुर बुलाया था। आरोप है कि उन्हीं दोनों ने चार नवंबर को तमंचे के बल पर लूट की घटना को अंजाम दिया। पुलिस फरार दोनों आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। वहीं, घटना के सफल अनावरण और बरामदगी करने वाली धनपतगंज पुलिस तथा एसओजी टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।




