गुजरात के गांधीनगर में होगी प्रक्रिया VIP के नाम को लेकर फिर तेज हुई चर्चा
उर्मिला ने लगाया 25 लाख रुपये और स्कॉर्पियो का ऑफर देने का आरोप
CBI जानना चाहती है हत्याकांड से जुड़े कथित VIP का सच, टेस्ट की तारीख अभी तय नहीं
देहरादून उत्तर प्रदेश /Etv News 24/संवाददाता वागीश
सूत्रों के मुताबिक अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर चल रही जांच के बीच एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। देहरादून स्थित CBI अदालत ने उर्मिला सनावर का नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट कराने का आदेश दिया है। दोनों परीक्षण गुजरात के गांधीनगर में कराए जाएंगे। हालांकि, अभी इनके लिए तारीख निर्धारित नहीं की गई है।
इस मामले में उर्मिला सनावर ने एक और सनसनीखेज आरोप लगाया है। उनका दावा है कि नार्को टेस्ट नहीं कराने के बदले उन्हें स्कॉर्पियो गाड़ी और 25 लाख रुपये देने का प्रस्ताव मिला था। उर्मिला के मुताबिक, यह प्रस्ताव उत्तराखंड के हिंदूवादी नेता दर्शन भारती उर्फ जीडीएस रावत की ओर से दिया गया था। हालांकि, इस आरोप की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
अंकिता भंडारी हत्याकांड में शुरुआत से ही एक कथित VIP को लेकर सवाल उठते रहे हैं। आरोप लगाया जाता रहा है कि एक VIP को कथित तौर पर विशेष सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराने के विवाद में अंकिता की हत्या की गई थी। इस संदर्भ में उर्मिला सनावर और भाजपा के पूर्व विधायक सुरेश राठौर के बीच हुई कथित फोन बातचीत भी चर्चा में आई थी। इस बातचीत में कथित VIP के रूप में दुष्यंत गौतम का नाम सामने आने का दावा किया गया था। दुष्यंत गौतम फिलहाल सिक्किम के राज्यपाल हैं।
CBI इस पूरे प्रकरण में कथित VIP की भूमिका और उससे जुड़े दावों की सच्चाई जानने के लिए जांच कर रही है। उर्मिला सनावर के नार्को और पॉलीग्राफ टेस्ट को इसी जांच की अहम कड़ी माना जा रहा है। हालांकि, इन परीक्षणों से पहले लगाए गए आरोपों को प्रमाणित तथ्य नहीं माना जा सकता। जांच के निष्कर्ष और अदालत में सामने आने वाले साक्ष्य ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट करेंगे।




