आज शाम को बूथ स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन की तैयारी
लखनऊ उत्तर प्रदेश/Etv News 24/संवाददाता वागीश कुमार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की ओर से विभिन्न सेवा और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए गए। प्रदेश में प्रधानमंत्री के जन्मदिन को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाने की शुरुआत की गई है। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा।लखनऊ के सिविल अस्पताल में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने मरीजों को फल वितरित कर अभियान की शुरुआत की। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में फल वितरण, रक्तदान शिविर, स्वच्छता अभियान और अन्य जनसेवा गतिविधियां आयोजित किए जाने की जानकारी दी गई है।प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर वाराणसी में भी विशेष आयोजन किए गए। काशी में धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रमों के साथ सेवा संकल्प अभियान की गतिविधियां आयोजित की गईं। इसके अलावा काशी से वडनगर तक बाइक यात्रा भी कार्यक्रम का हिस्सा बनी है।भाजपा की ओर से प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर शाम को दीप प्रज्ज्वलन का कार्यक्रम भी प्रस्तावित किया गया है। पार्टी के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों, स्वच्छता, रक्तदान और जनसंपर्क जैसी गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ना है।इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। प्रधानमंत्री का जन्म 17 सितंबर 1950 को गुजरात के वडनगर में हुआ था।




