सवा लाख दीपों से जगमग होगा गोमती तट स्थित अघोर पीठ, देव दीपावली पर उमड़े श्रद्धालु
भगवान शिव, माता पार्वती और महापुरुषों की झांकियों ने मोहा मन, नगर भ्रमण के बाद मठ में हुई दिव्य आरती
सुल्तानपुर उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
सुल्तानपुर मे आज देव दीपावली के पावन अवसर पर अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ, अल्देमऊ नूरपुर में तीन दिवसीय बाबा सत्यनाथ महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को भव्य शोभायात्रा के साथ हुआ। महाकाल अवसान माता शनिदेव मंदिर, शाहगंज रोड रानीपुर कायस्थ से निकली शोभायात्रा का शुभारंभ कादीपुर विधायक राजेश गौतम, नगर पंचायत अध्यक्ष आनंद जायसवाल, केंद्रीय पूजा व्यवस्था समिति के अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, मठ के पीठाधीश्वर अवधूत उग्र चण्डेश्वर कपाली बाबा तथा भाजपा मंडल अध्यक्ष दरगाही निषाद ने विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर किया।
शोभायात्रा में भगवान भोलेनाथ, माता पार्वती, हनुमान जी, गणेश जी तथा भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और माता सीता की आकर्षक झांकियां शामिल रहीं। इसके साथ ही बाबा सत्यनाथ, बाबा कीनाराम, गुरु नानक देव, संत कबीरदास, संत रविदास, महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी सहित अनेक महापुरुषों की झांकियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। नगर भ्रमण करते हुए शोभायात्रा आदिगंगा गोमती के तट पर स्थित अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ पहुंची। यहां विधिवत पूजन और भव्य आरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ किया गया।
इस अवसर पर पीठाधीश्वर अवधूत कपाली बाबा ने कहा कि देव दीपावली पर सनातन धर्मावलंबी अपने पितरों और देवी-देवताओं के निमित्त दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा और आस्था अर्पित करते हैं। इसी परंपरा के तहत गोमती तट स्थित अघोर पीठ बाबा सत्यनाथ मठ में अघोर परंपरा के नौ नाथों में प्रथम नाथ बाबा सत्यनाथ के पावन साधना स्थल पर प्रतिवर्ष तीन दिवसीय महोत्सव आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष महोत्सव के दौरान सवा लाख दीप प्रज्वलित किए जाएंगे, जिससे गोमती तट दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा।
शुभारंभ अवसर पर अजय बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह कोटेदार, उत्तर प्रदेश किन्नर कल्याण बोर्ड की सदस्य काजल किन्नर, पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य घनश्याम चौहान, सभासद बृजेश सिंह, सूर्यलाल और रणधीर सिंह, नूरपुर प्रधान बंटी सिंह, विश्व हिंदू परिषद के जिला उपाध्यक्ष संतोष पांडेय, हेमंत शर्मा, विजय गिरी, अभिमन्यु मौर्य, आचार्य नीरज मिश्र, वीरेंद्र श्रीवास्तव और प्रभाकर सिंह सहित सैकड़ों गणमान्य लोग मौजूद रहे।




