रामलला और माता जानकी के दर्शन के लिए दोनों देशों के श्रद्धालुओं को मिलेगी सीधी रेल सुविधा
सीतामढ़ी के पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी ट्रेन, 10 प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव भारत-नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन, व्यापार और रोजगार के नए अवसर खुलेंगे
अयोध्या उत्तर प्रदेश/ Etv News 24/संवाददाता वागीश
अयोध्या और जनकपुर के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और पारिवारिक रिश्तों को अब रेल संपर्क के माध्यम से नई मजबूती मिलेगी सरयू-कमला एक्सप्रेस भारत और नेपाल के बीच आस्था, संस्कृति और व्यापारिक संबंधों को नई दिशा देने के साथ दोनों देशों के श्रद्धालुओं के आवागमन को भी आसान बनाएगी। रविवार को अयोध्या कैंट रेलवे स्टेशन पर आयोजित शुभारंभ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह रेल सेवा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विरासत और विकास’ के विजन का सशक्त उदाहरण है। इससे नेपाल के श्रद्धालु अयोध्या पहुंचकर रामलला के दर्शन कर सकेंगे, वहीं भारतीय श्रद्धालुओं को जनकपुर धाम में माता जानकी के दर्शन की सीधी सुविधा मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल का रिश्ता केवल दो पड़ोसी देशों के बीच राजनीतिक या भौगोलिक संबंध नहीं है, बल्कि हजारों वर्षों की साझा आस्था, संस्कृति और पारिवारिक आत्मीयता से जुड़ा है। इसे राम-जानकी की परंपरा में रोटी-बेटी का रिश्ता कहा जाता है। भगवान श्रीराम और माता सीता के विवाह से अयोध्या और मिथिला के बीच जो संबंध स्थापित हुआ, वह आज भी दोनों क्षेत्रों की सांस्कृतिक परंपराओं में जीवंत है। विवाह पंचमी के अवसर पर जनकपुर में होने वाले आयोजन और अयोध्या में गूंजने वाले मंगलगीत इस आत्मीय रिश्ते की पहचान हैं।
योगी ने कहा कि मां सरयू की पावन धारा से सिंचित अयोध्या और मां कमला के जल से अभिसिंचित जनकपुर का जुड़ाव दोनों देशों की चिरस्थायी मित्रता को और मजबूत करेगा। श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन से लेकर रामलला की प्राण प्रतिष्ठा तक नेपाल के संतों और श्रद्धालुओं का योगदान अविस्मरणीय रहा है। प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर जनकपुर से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंगल उपहार लेकर अयोध्या पहुंचे थे।
उन्होंने कहा कि भारत और नेपाल की साझा आध्यात्मिक विरासत पशुपतिनाथ से काशी विश्वनाथ और लुंबिनी से कुशीनगर तक फैली हुई है। दोनों देशों के बीच खुली सीमा आपसी विश्वास का अनूठा उदाहरण है। प्रतिदिन हजारों लोग व्यापार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पारिवारिक संबंधों के लिए एक-दूसरे के देश में आते-जाते हैं। केंद्र सरकार की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के तहत सड़क, रेल, डिजिटल और व्यापारिक संपर्क को लगातार विस्तार दिया जा रहा है। सरयू-कमला एक्सप्रेस इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि यह ट्रेन सीतामढ़ी स्थित पुनौरा धाम से होकर गुजरेगी। उत्तर प्रदेश, बिहार और नेपाल के 10 प्रमुख मध्यवर्ती स्टेशनों पर इसके ठहराव से सीमावर्ती क्षेत्रों में धार्मिक पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा। होटल, परिवहन, स्थानीय हस्तशिल्प और अन्य व्यवसायों में रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। विशेष रूप से जनकपुर की प्रसिद्ध मिथिला पेंटिंग से जुड़ी महिला कलाकारों और कारीगरों को अपने उत्पादों के लिए नए बाजार मिल सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, डबल रेल लाइन और आधुनिक ट्रेनों के संचालन से धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है। सरयू-कमला एक्सप्रेस रामायण सर्किट और बौद्ध सर्किट को भी जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। अयोध्या से सीतामढ़ी होते हुए जनकपुर की ओर विकसित हो रहा श्रीराम-जानकी मार्ग भी दोनों देशों के बीच संपर्क को और बेहतर बनाएगा।
योगी ने नेपाल सीमा से जुड़े उत्तर प्रदेश के क्षेत्रों में सड़क और रेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि रुपईडीहा में लैंड पोर्ट, सोनौली-भैरहवा इंटीग्रेटेड चेक पोस्ट और विभिन्न सड़क परियोजनाओं से व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल रहा है। इन परियोजनाओं से भारत और नेपाल के बीच आर्थिक सहयोग के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक रिश्ते भी मजबूत होंगे।
कार्यक्रम में दिल्ली से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह केपी शर्मा ओली तथा केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव जुड़े। अयोध्या में प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक वेद प्रकाश गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, विधान परिषद सदस्य हरिओम पांडेय, विधायक रामचंद्र यादव, अमित सिंह चौहान, अभय सिंह, पूर्व सांसद लल्लू सिंह सहित रेलवे के अधिकारी मौजूद रहे।




